छिंदवाड़ा के अमरवाड़ा थाना क्षेत्र के ग्राम करबडोल स्थित एक खेत में बने मकान में गुरुवार सुबह 24 वर्षीय युवक का शव संदिग्ध हालत में मिलने से सनसनी फैल गई। शुरुआती तौर पर मामले को हत्या माना जा रहा था, लेकिन मृतक के पर्स से मिली डायरी और मोबाइल फोन मे
.
मृतक की पहचान नितेश वर्मा (24) पिता जगन्नाथ वर्मा, निवासी करबडोल के रूप में हुई है। थाना प्रभारी राजेन्द्र धुर्वे ने बताया कि नितेश बुधवार शाम करीब 8 बजे घर से निकला था। गुरुवार सुबह उसका शव खेत में बने मकान में मिला। शव के चेहरे पर चोट के निशान होने के कारण पहले मामला हत्या का प्रतीत हो रहा था।
डायरी में लिखा सुसाइड नोट, मोबाइल में वीडियो
पुलिस जांच के दौरान मृतक के पर्स से एक डायरी बरामद हुई, जिसमें सुसाइड नोट लिखा मिला है। नोट में लिखा है—“मेरी मौत का जिम्मेदार मैं स्वयं रहूंगा।”
इसके अलावा मृतक के मोबाइल फोन में एक वीडियो भी मिला है, जो बुधवार शाम करीब 7 बजे का बताया जा रहा है। वीडियो में नितेश खुद को संबोधित करते हुए कह रहा है कि“मैं नितेश वर्मा, मेरी मौत का स्वयं जिम्मेदार रहूंगा।” पुलिस ने डायरी और मोबाइल को जब्त कर जांच शुरू कर दी है।
पीएम रिपोर्ट के बाद होगा खुलासा
टीआई राजेन्द्र धुर्वे ने बताया कि मृतक के माथे पर चोट के निशान पाए गए थे, जिससे हत्या की आशंका हुई। हालांकि पोस्टमार्टम करने वाले डॉक्टरों का कहना है कि चेहरे पर आई चोट इतनी गंभीर नहीं है कि उससे मौत हो सके। युवक की मौत का सही कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा। फिलहाल पुलिस ने मर्ग कायम कर सभी पहलुओं से मामले की जांच शुरू कर दी है।