Yashasvi Jaiswal gave his health update: टी20 विश्व कप 2026 की तैयारी पूरी है. 20 दिसंबर को टीम इंडिया का ऐलान हो सकता है. सेलेक्टर्स एक अहम बैठक करने जा रहे हैं, जिसमें आगामी न्यूजीलैंड के खिलाफ टी20 सीरीज और टी20 विश्व कप 2026 के लिए भारतीय टीम पर आखिरी मुहर लग सकती है. इससे ठीक एक दिन पहले तूफानी ओपनर यशस्वी जायसवाल ने अपनी हेल्थ पर बड़ा अपडेट दिया है. उन्होंने गुड न्यूज देते हुए कहा कि अब वो तेजी से ठीक हो रहे हैं और मैदान पर वापसी के लिए बेताब भी हैं.
यशस्वी जायसवाल टी20 टीम से बाहर हैं. साउथ अफ्रीका के खिलाफ उन्हें टीम में जगह नहीं मिली थी. लिहाजा वो सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी 2025 में मुंबई की तरफ से खेल रहे थे. उन्होंने इस सीजन 3 मैच खेले और बीच टूर्नामेंट उनकी तबीयत खराब हो गई थी. राजस्थान के खिलाफ हुए मैच के बाद उनके पेट में तेज दर्द हुआ था, जिसके बाद उन्हें अस्पताल ले जाया गया. जायसवाल के पेट में सूजन की समस्या थी. डॉक्टरों ने उनका सीटी स्कैन भी किया था और रेस्ट की सलाह दी थी. अब वो ठीक हो गए हैं और उन्होंने एक्स पर एक पोस्ट के जरिए फैंस को यह गुड न्यूज दी है.
यशस्वी जायसवाल ने अपनी पोस्ट में क्या लिखा?
यशस्वी जायसवाल ने अपनी पोस्ट में लिखा, ‘मैं पिछले कुछ दिनों से मिली ढेर सारी शुभकामनाओं के लिए सभी को धन्यवाद देना चाहता हूं. मैं अच्छी तरह से ठीक हो रहा हूं. इसके लिए बेहतरीन चिकित्सा के लिए आभारी हूं. इसके अलावा, जल्दी ही मैं मैदान पर वापसी करने के लिए उत्सुक हूं.’ उनकी इस पोस्ट को फैंस लाइक कर रहे हैं. बाएं हाथ के तूफानी ओपनर यशस्वी जायसवाल ने सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी 2025 में मुंबई के लिए 3 मैच खेले और 145 रन बनाए थे. इसमें 2 शतक भी थे.
टी20 विश्व कप 2026 के लिए टीम में मौका मिलना मुश्किल
टी20 विश्व कप 2026 के लिए जिन 15 खिलाड़ियों के नाम सबसे आगे हैं, उनमें यशस्वी नजर नहीं आते. अभिषेक शर्मा और शुभमन गिल ओपनिंग जोड़ी के तौर पर पहली पसंद हैं. इसलिए जायसवाल को जगह मिलना मुश्किल है. वैसे भी जायसवाल अभी तक टेस्ट टीम का रेगुलर हिस्सा रहे हैं. उन्हें वनडे और टी20 टीम में लगातार मौके नहीं मिले. हालांकि माना जा रहा है कि उन्हें बतौर रिजर्व खिलाड़ी जगह मिल सकती है. हाल में जायसवाल साउथ अफ्रीका के खिलाफ हुई वनडे सीरीज में नजर आए थे. तीसरे वनडे में उन्होंने 89 गेंदों में कुल 106 रनों की पारी खेली थी, जिसमें 8 चौके और 6 छक्के शामिल रहे थे. यह उनके वनडे करियर का पहला शतक था.
कैसा है यशस्वी जायसवाल का क्रिकेट करियर?
बाएं हाथ के यशस्वी जायसवाल टीम इंडिया के लिए तीनों फॉर्मेट में डेब्यू कर चुके हैं. 28 टेस्ट में उनके नाम 2511 रन हैं. वो 7 शतक और 13 फिफ्टी लगा चुके हैं. 4 वनडे में 171 रन बनाए हैं, जबकि 23 टी20 मैचों में 723 रन जोड़े हैं. वो तीनों फॉर्मेट में शतक लगा चुके हैं.
ये भी पढ़ें: AUS vs ENG 3rd Test: ट्रेविस हेड ने हिला डाली रिकॉर्डबुक, एक झटके में ध्वस्त हो गया रोहित-ब्रूक का खास रिकॉर्ड