नई दिल्ली. श्रीलंका ने भारत के साथ अगले साल संयुक्त मेजबानी में होने वाले टी20 वर्ल्ड कप से पहले एक बड़ा फैसला लिया है. दरअसल, श्रीलंका क्रिकेट बोर्ड ने टी20 फॉर्मेट के लिए टीम का नया कप्तान नियुक्त किया है. श्रीलंका ने टी20 वर्ल्ड कप की प्रारंभिक टीम में चरित असलंका को कप्तानी से हटाते हुए दासुन शनाका को कप्तान बनाया है. टी20 वर्ल्ड कप का आयोजन 7 फरवरी से 8 मार्च के बीच भारत और श्रीलंका में होना है.
श्रीलंका क्रिकेट बोर्ड का बड़ा फैसला
चयन समिति के प्रमुख के रूप में लौटे प्रमोदया विक्रमसिंघा ने कहा कि पिछले तीन वर्ल्ड कप खेलने का शनाका का अनुभव और बल्लेबाजी में असलंका का खराब फॉर्म इस फैसले का आधार था. इस्लामाबाद में आत्मघाती बम विस्फोट में नौ लोगों के मारे जाने के बाद असलंका पिछले महीने सुरक्षा कारणों से पाकिस्तान के सीमित ओवरों के दौरे पर भी नहीं गए थे.
श्रीलंका क्रिकेट में बड़ा बदलाव.
विक्रमसिंघा ने कहा, ‘शनाका हरफनमौला की भूमिका में होंगे. हमे उम्मीद है कि असलंका बल्लेबाजी में पुराना फॉर्म हासिल करेंगे. हेड कोच सनत जयसूर्या से मशविरे के बाद हमने तय किया कि बहुत सारे बदलाव करने की जरूरत नहीं है लिहाजा टीम वही होगी.’
टीम में शामिल हैं असलंका
हालांकि, कप्तान पद से हटाए जाने के बावजूद असलंका ने टीम में अपनी जगह बनाए रखी है. असलंका ने 2025 में 12 पारियों में 122 के स्ट्राइक रेट से 156 रन बनाए हैं, जबकि उनका ओवरऑल T20I स्ट्राइक रेट 126 है. हालांकि, विक्रमसिंघे ने यह साफ कर दिया कि असलंका आगे भी सेलेक्टर्स की योजनाओं का अहम हिस्सा बने रहेंगे. शुरुआती टीम में निरोशन डिकवेला की भी वापसी हुई है. यह विकेटकीपर-बल्लेबाज आखिरी बार मार्च 2023 में श्रीलंका के लिए खेला था और वह भी टेस्ट फॉर्मेट में. विक्रमसिंघे के अनुसार टीम मैनेजमेंट एक ऐसे टॉप-ऑर्डर बल्लेबाज को टीम में शामिल करना चाहता है जो विकेटकीपिंग भी कर सके, जिससे डिकवेला के T20 सेटअप में वापसी का रास्ता खुल गया है.
श्रीलंका प्रारंभिक टीम
दासुन शनाका (कप्तान), पाथुम निसांका, कुसल मेंडिस, कामिल मिशारा, कुसल परेरा, धनंजय डिसिल्वा, निरोशन डिकवेला, जनिथ लियानागे, चरित असलंका, कामिंदु मेंडिस, पवन रत्नायके, सहन अराचिगे, वानिंदु हसरंगा, दुनिथ वेलालागे, मिलन रत्नायके, नुवान तुषारा, एशान मलिंगा, दुष्मंता चामीरा, प्रमोद मदुशान, मथीशा पथिराना, दिलशान मदुशंका, महीष तीक्षणा, दुशान हेमंता, विजयकांत वियासकांत, ट्रावीन मैथ्यू.