T20 World Cup 2026 India Squad: आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप 2026 के लिए भारतीय टीम का ऐलान हो गया है. सूर्यकुमार यादव की कप्तानी में 15 सदस्यीय टीम चुनी गई है. शनिवार को चीफ सेलेक्टर अजीत अगरकर ने अपने दो बड़े फैसलों से सबको चौंका दिया. उन्होंने उपकप्तान शुभमन गिल को टीम से निकाल दिया. उनके स्थान पर अक्षर पटेल को यह जिम्मेदारी सौंपी गई है. वहीं, गिल की जगह रिंकू सिंह को टीम में लाया गया है. एक और बड़ा बदलाव विकेटकीपिंग में हुआ है. जितेश शर्मा को अचानक से बाहर कर दिया गया है. उनकी जगह सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में 10 मैचों में 517 रन बनाने वाले ईशान किशन की वापसी हुई.
गिल का फिर टूटा दिल
अगरकर और कप्तान सूर्यकुमार की सहमति से चुनी गई सीरीज में कुछ ऐसे खिलाड़ी हैं जो पहली बार टी20 वर्ल्ड कप में खेलेंगे. शुभमन को एक बार फिर से इस बड़े इवेंट में खेलने का मौका नहीं मिला है. वह 2024 में भी टीम से बाहर हो गए थे. उनके स्थान पर यशस्वी जायसवाल को मौका मिला था और वह इस बार टीम में नहीं हैं.
हम आपको यहां ऐसे खिलाड़ियों के बारे में बता रहे हैं जो पहली बार भारत के लिए टी20 वर्ल्ड कप खेलेंगे…
1. अभिषेक शर्मा: भारतीय क्रिकेट के नए स्टार अभिषेक शर्मा पहली बार टी20 वर्ल्ड कप खेलने के लिए तैयार हैं. उन्होंने जुलाई 2024 में अपना पहला टी20 मैच खेला था. वह अब तक 33 मैचों में 1115 रन बना चुके हैं. इस दौरान उनका औसत 35.96 का रहा है. अभिषेक ने 188.02 की स्ट्राइक रेट से रन बटोरे हैं. उनके नाम 107 चौके और 73 छक्के हैं.
2. तिलक वर्मा: मध्यक्रम में अपनी छाप छोड़ने वाले तिलक 2024 में टी20 वर्ल्ड कप नहीं खेल पाए थे. वह इस बार इस टूर्नामेंट को ऐतिहासिक बनाने के लिए तैयार हैं. तिलक ने भारत के लिए अब तक 40 टी20 मैचों में 1183 रन बनाए हैं. उन्होंने 49.29 की औसत और 144.09 की स्ट्राइक रेट से रन बटोरे हैं. वह इस टूर्नामेंट में भारत के सबसे अहम खिलाड़ी साबित हो सकते हैं.
3. हर्षित राणा: टीम इंडिया के नए सनसनी बने हर्षित राणा ने काफी आलोचनाओं के बावजूद खुद को मजबूत बनाए रखा और टीम में अपनी जगह पक्की कर ली. हर्षित ने 6 टी20 मैच खेले हैं और 7 विकेट अपने नाम किए हैं. उन्होंने जनवरी 2025 में डेब्यू किया था. वह 6 मैचों के अनुभव के साथ ही टी20 वर्ल्ड कप खेलने के लिए तैयार हैं.
4. रिंकू सिंह: अपनी तेज बैटिंग के लिए मशहूर रिंकू सिंह की टीम में वापसी हो गई है. वह 35 टी20 मैचों में 42.30 की औसत और 161.76 की औसत से 550 रन बना चुके हैं. वह 2024 टी20 वर्ल्ड कप में मुख्य टीम में नहीं थे. उन्हें रिजर्व प्लेयर्स की लिस्ट में रखा गया था. अब रिंकू पहली बार टी20 वर्ल्ड कप खेलने के लिए तैयार हैं.
ये भी पढ़ें: शुभमन गिल OUT… टी20 वर्ल्ड कप में टीम इंडिया को मिला नया उपकप्तान, हार्दिक पांड्या का टूटा दिल
5. वॉशिंगटन सुंदर: टीम इंडिया के 58 मैचों में 51 विकेट लेने वाले वॉशिंगटन भी पहली बार टी20 वर्ल्ड कप खेलेंगे. उन्होंने 2017 में डेब्यू किया था, लेकिन अब तक एक भी टी20 वर्ल्ड कप में उन्हें खेलने का मौका नहीं मिला है. यह पहला अवसर होगा जब वह क्रिकेट के सबसे छोटे फॉर्मेट के सबसे बड़े टूर्नामेंट में नजर आएंगे.