भारत-साउथ अफ्रीका टी20 सीरीज के बाद वीकेंड पर एक हाई वोल्टेज मुकाबला फैंस का इंतजार कर रहा है भारत और पाकिस्तान के बीच रविवार को एसीसी अंडर 19 एशिया कप 2025 का फाइनल मैच में महाजंग होगी. यह मुकाबला आईसीसी एकेडमी ग्राउंड पर आयोजित होगा. टीम इंडिया की नजरें 9वीं बार चैंपियन बनने पर होंगी. इसी मैदान पर टीम इंडिया ने सेमीफाइनल मैच में श्रीलंका को 8 विकेट से रौंदा था. टीम इंडिया ने अपने पहले मुकाबले में यूएई के खिलाफ 234 रन से जीत दर्ज कर टूर्नामेंट की शानदार शुरुआत की थी.
पाकिस्तान को भी रौंदा
भारत ने अपने दूसरे मैच में पाकिस्तान को 90 रन से हराया. टीम इंडिया ने मलेशिया के विरुद्ध 315 रन से जीत हासिल करते हुए सेमीफाइनल में प्रवेश किया, जहां श्रीलंका को 8 विकेट से रौंदा. दूसरी तरफ पाकिस्तानी टीम ने मलेशिया के विरुद्ध अपना पहला मैच 297 रन से जीता, जिसके बाद भारत के खिलाफ 90 रन से शिकस्त झेलनी पड़ी. इसके बाद पाकिस्तान ने यूएई के विरुद्ध 70 रन से जीत दर्ज करते हुए सेमीफाइनल में जगह बनाई. फिर बांग्लादेश को 8 विकेट से मात देकर फाइनल का टिकट कटाया.
वैभव पर रहेंगी नजरें
आयुष म्हात्रे और वैभव सूर्यवंशी पिछले कुछ मैचों में एक्शन में नजर नहीं आए. हालांकि, इसी टूर्नामेंट में वैभव के बल्ले से 171 रन की धांसू पारी निकली थी. लेकिन सेमीफाइनल में उनका बल्ला नहीं चला जहां एरॉन जॉर्ज, विहान मल्होत्रा ने दमदार बल्लेबाजी की. वेदांत त्रिवेदी और अभिज्ञान कुंडू के बल्ले से रन आ रहे हैं. वहीं, टीम को तेज गेंदबाज किशन सिंह और दीपेश देवेंद्रन का साथ मिल रहा है, जबकि स्पिनर खिलन पटेल और कनिष्क चौहान भी उनका साथ दे रहे हैं.
ये भी पढे़ं.. गिल से भी खराब किस्मत.. पिछले वर्ल्ड कप में गर्म की बेंच, एशिया कप में मिली 1 गेंद, फिर सता रहा डर
चमक सकते हैं पाकिस्तान के ये स्टार
वहीं, पाकिस्तान का खेमा समीर मिन्हास पर निर्भर रहेगा, जिन्होंने चार मैचों में 299 रन बनाकर टीम के लिए सर्वाधिक रन बनाए हैं. गेंदबाजी में, दाएं हाथ के तेज गेंदबाज अब्दुल सुभान तीन मैचों में 11 विकेट लेकर सबसे सफल गेंदबाज रहे हैं, जबकि बाएं हाथ के तेज गेंदबाज मोहम्मद सैयाम अब तक 8 विकेट निकाल चुके हैं. यह मुकाबला 21 दिसंबर को भारतीय समय के अनुसार सुबह साढ़े 10 बजे से शुरू होगा. फैंस इस ऐतिहासिक मुकाबले का लाइव टेलीकास्ट सोनी स्पोर्ट्स टेन 1, टेन 3 और टेन 4 एसडी पर देख सकेंगे, जबकि लाइव स्ट्रीमिंग सोनीलिव ऐप पर उपलब्ध होगी.