T20 World Cup 2026: सूर्यकुमार यादव की कप्तानी में टी20 वर्ल्ड कप 2026 के लिए भारतीय टीम का ऐलान हो चुका है. विकेटकीपर बल्लेबाज ईशान किशन को घरेलू मैचों में जोरदार प्रदर्शन के टीम में रखा गया है. रिंकू सिंह की भी वापसी हो गई है. उपकप्तान शुभमन गिल और विकेटकीपर जितेश शर्मा को बाहर करके चयनकर्ताओं ने सबको चौंका दिया. खराब फॉर्म में होने के बावजूद सूर्यकुमार अपनी जगह बचाने में सफल हो गए. भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) इतने बड़े टूर्नामेंट से ठीक पहले कप्तान को हटाने का जोखिम नहीं उठाना चाहता था और इसी कारण सूर्या की जगह बची रह गई. शुभमन और जितेश के अलावा कई खिलाड़ी टी20 वर्ल्ड कप टीम में जगह बनाने में नाकाम रहे. एक खिलाड़ी ऐसा है जो आईसीसी इवेंट्स में भारत के लिए तुरुप का इक्का साबित होता आया है और घरेलू मैचों में भी जोरदार प्रदर्शन कर रहा है, लेकिन वह नहीं चुना गया.
वापसी की राह देख रहा दिग्गज
हम बात कर रहे हैं तेज गेंदबाज मोहम्द शमी की. 35 साल का यह तेज गेंदबाज करीब 10 महीनों से टीम से बाहर है. वह पिछली बार 9 मार्च 2025 को न्यूजीलैंड के खिलाफ चैंपियंस ट्रॉफी के फाइनल में खेले थे. भारत ने उस मैच को जीता था. उसके बाद से उनकी वापसी नहीं हो पाई है. शमी कुछ समय के लिए चोटिल रहे और उन्होंने फिर घरेलू मैचों में जोरदार वापसी कर ली. यहां तक कि उन्होंने सेलेक्शन को लेकर खुलेआम बयान भी दिया, लेकिन चीफ सेलेक्टर अजीत अगरकर और कोच गौतम गंभीर का दिल नहीं पसीजा.
घरेलू मैचों में गजब का प्रदर्शन
हाल के दिनों में शमी की फिटनेस पर बहस हो रही है, क्योंकि पेसर का सेलेक्शन नहीं हो पाया. हालांकि, नेशनल टीम में जगह न मिलने के बावजूद सीनियर फास्ट बॉलर ने घरेलू टूर्नामेंट में शानदार प्रदर्शन किया है. रेड-बॉल सीजन की शुरुआत में शमी ने चार रणजी ट्रॉफी मैचों में 18.60 की औसत से 20 विकेट लिए. उन्होंने सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में भी अपना फॉर्म जारी रखा और सात मैचों में 14.93 की औसत से 16 विकेट लेकर बंगाल के सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज बने.
ये भी पढ़ें: Explained: 2 साल में मिल गया रोहित-कोहली का रिप्लेसमेंट? विश्व विजेता टीम में 7 बदलावों ने साफ कर दी स्टोरी
धोनी-कोहली और रोहित के फेवरेट
मोहम्मद शमी ने 2013 में डेब्यू किया था और तब से लगातार भारत के लिए शानदार प्रदर्शन किया. वह आईसीसी टूर्नामेंट में भारत के ट्रम्प कार्ड साबित हुए. शमी 2015, 2019 और 2013 वनडे वर्ल्ड कप में खेले. उन्हें पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी, विराट कोहली और रोहित शर्मा का लगातार समर्थन मिला. वह वनडे वर्ल्ड कप के 18 मैचों में 55, 6 एशिया कप मैचों में 12 और आईसीसी चैंपियंस ट्रॉफी के 5 मैचों में 9 विकेट झटके हैं. वह टी20 वर्ल्ड कप के 14 मैचों में 14 विकेट हासिल किए हैं. उनका रिकॉर्ड आईसीसी टेस्ट चैंपियनशिप में भी शानदार प्रदर्शन किया है. इसमें 24 मैचों में उनके नाम 85 विकेट हैं.
ये भी पढ़ें: Shocking: ‘पूरी तरह टूट गया था…’, इस हार के बाद संन्यास लेने वाले थे रोहित शर्मा? हिटमैन का सनसनीखेज खुलासा
अब शमी के लिए आगे क्या?
मोहम्मद शमी को आने वाले विजय हजारे ट्रॉफी वनडे टूर्नामेंट के लिए बंगाल की टीम में शामिल किया गया है. विजय हजारे ट्रॉफी में शमी बंगाल के पेस अटैक की अगुआई करेंगे, जिसमें इंडिया के पेसर आकाश दीप और मुकेश कुमार भी शामिल हैं. अभिमन्यु ईश्वरन को कप्तान बनाया गया है. अब शमी के पास इस टूर्नामेंट के साथ-साथ आईपीएल 2026 में लखनऊ सुपर जाएंट्स के लिए भी शानदार प्रदर्शन करने का मौका है. अगर वह दोनों बड़े इवेंट्स में अपनी छाप छोड़ पाते हैं तो उनकी वापसी हो सकती है.