शाजापुर पुलिस ने रविवार-सोमवार की दरमियानी रात जिलेभर में व्यापक कॉम्बिंग गश्त अभियान चलाया। इस विशेष अभियान में जिले के सभी राजपत्रित अधिकारी और थाना स्तर के 300 से अधिक पुलिसकर्मी शामिल रहे। पुलिस अधिकारियों ने स्वयं विभिन्न थाना क्षेत्रों का दौरा
.
एडिशनल एसपी घनश्याम मालवीय ने बताया कि कॉम्बिंग गश्त के दौरान पुलिस ने 37 स्थायी वारंटियों और 72 गिरफ्तारी वारंटों को तामील किया। इसके अतिरिक्त, 3 जिला बदर अपराधियों और 125 गुंडा और हिस्ट्रीशीटर बदमाशों की सघन जांच की गई। आबकारी अधिनियम के तहत 2 प्रकरण भी दर्ज किए गए।
अभियान के तहत होटल, लॉज, ढाबे पर चेकिंग
अभियान के तहत होटल, लॉज, ढाबे और धर्मशालाओं की गहन जांच की गई। बैंक, एटीएम और अन्य संवेदनशील स्थलों पर सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाई गई। पुलिस टीमों ने सक्रिय बदमाशों, हाल ही में जेल से रिहा हुए अपराधियों और संदिग्ध व्यक्तियों के ठिकानों पर पहुंचकर उनकी गतिविधियों की जानकारी ली।
सभी संदिग्धों को सख्त चेतावनी दी गई कि आपराधिक गतिविधियों में लिप्त पाए जाने पर कठोर कार्रवाई की जाएगी। गुंडा और हिस्ट्रीशीटरों के रिकॉर्ड अपडेट कर उनकी सतत निगरानी भी सुनिश्चित की गई।
एसपी यशपाल सिंह राजपूत ने कहा कि जनता की सुरक्षा और जिले में शांति बनाए रखना शाजापुर पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने बताया कि कानून-व्यवस्था को मजबूत करने के लिए ऐसे अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे।