Last Updated:
Jabalpur News: जबलपुर के कलेक्टर राघवेंद्र सिंह ने लोकल 18 से बातचीत में कहा कि फेसबुक लाइव के जरिए किसानों से सीधा जुड़ने का प्रयास किया गया, जो सफल रहा. किसानों ने भी इस पहल की सराहना की है.
जबलपुर. मध्य प्रदेश के जबलपुर में अनूठा प्रयोग किया जा रहा है, जहां अधिकारी फेसबुक लाइव के जरिए किसानों की समस्या सुनते हैं और फिर तत्काल उसका समाधान कर देते हैं. किसान फेसबुक लाइव पर कमेंट कर अधिकारियों से बेबाकी से सवाल पूछते हैं और अफसर उन सारे सवालों का जवाब भी देते हैं. इससे न सिर्फ किसानों को उनके सवालों का सही जवाब मिल रहा है बल्कि पारदर्शिता के साथ उनकी हर समस्या का समाधान भी हो रहा है.
कलेक्टर बोले- सफल रहा प्रयोग
जबलपुर के कलेक्टर राघवेंद्र सिंह ने लोकल 18 को बताया कि फेसबुक लाइव के माध्यम से किसानों से सीधा जुड़ने का प्रयास किया गया था. प्रयोग सफल रहा और किसानों ने भी इसकी तारीफ की है. फेसबुक लाइव के जरिए किसानों को कई समस्याओं का समाधान मिला है. एक घंटे का फेसबुक लाइव सेशन रखा गया था, जिसकी शुरुआत कृषि विभाग से की गई है. विभागीय अधिकारी फेसबुक लाइव माध्यम से जुड़कर किसान की अधिकांश समस्याओं का समाधान देते हुए उचित मार्गदर्शन दिया है. उन्होंने बताया कि फेसबुक लाइव के माध्यम से अधिकारियों के जवाब से लेकर किसानों के पूछे गए प्रश्न रिकॉर्ड भी हुए हैं, जिससे किसान प्रश्नों को दोबारा सुनने के साथ ही देख भी सकते हैं.
युवाओं के स्वरोजगार के लिए फेसबुक लाइव
उन्होंने कहा कि स्वरोजगार की योजनाओं को लेकर भी युवाओं से फेसबुक लाइव के माध्यम से जुड़ने का प्रयास किया जाएगा, जहां युवाओं को स्वरोजगार से संबंधित योजनाओं के बारे में भी जानकारी दी जाएगी. इससे युवा खुद का उद्योग शुरू कर सकेंगे और आत्मनिर्भर बनने के साथ ही रोजगार दाता बन सकेंगे. इसके लिए अगला फेसबुक लाइव किया जाएगा, जिसमें युवा जुड़ सकेंगे.
फेसबुक पर कलेक्टर जबलपुर पेज से लाइव
दरअसल फेसबुक लाइव का कार्यक्रम कलेक्टर जबलपुर पेज से किया जा रहा है. लाइव कार्यक्रम में आसानी से जुड़कर कमेंट के माध्यम से प्रश्न पूछे जाते हैं और उन्हीं कमेंट को पढ़कर पूछे गए प्रश्नों का संबंधित अधिकारी जवाब देते हैं.
About the Author
राहुल सिंह पिछले 10 साल से खबरों की दुनिया में सक्रिय हैं. टीवी से लेकर डिजिटल मीडिया तक के सफर में कई संस्थानों के साथ काम किया है. पिछले चार साल से नेटवर्क 18 समूह में जुड़े हुए हैं.