उमरिया जिले के मशहूर बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व के पास बसे गड़रिया टोला गांव में पिछले चार दिनों से एक बाघिन का मूवमेंट बना हुआ है। यह गांव पनपथा बफर एरिया के पास है, जहां जंगल से निकलकर बाघिन गांव की सरहद तक आ पहुंची है। बाघिन के इस तरह बार-बार दिखने और
.
बाघिन न सिर्फ गांव के पास मंडरा रही है, बल्कि वह पालतू जानवरों को भी अपना निशाना बना रही है। पिछले कुछ दिनों में उसने मवेशियों के शिकार की कई कोशिशें की हैं। बुधवार को भी उसने एक मवेशी को हमला करके घायल कर दिया, जिससे गांव वाले काफी डरे हुए हैं।
हाथियों और गाड़ियों से सर्चिंग शुरू
जैसे ही वन विभाग को इस बात की सूचना मिली, पनपथा बफर की टीम तुरंत मौके पर पहुंच गई। बाघिन की हर हरकत पर नजर रखने के लिए विभाग ने दो हाथियों की टीम तैनात की है। हाथियों के साथ-साथ वन विभाग की गाड़ियां भी गांव से सटी पहाड़ियों और झाड़ियों में लगातार सर्चिंग कर रही हैं।
ग्रामीणों के लिए अलर्ट और वन विभाग की तैयारी
वन विभाग ने गांव वालों से अपील की है कि वे पूरी तरह सतर्क रहें और अकेले सुनसान इलाकों की तरफ न जाएं। अधिकारियों के मुताबिक, इस बाघिन की उम्र लगभग 5 साल है। पनपथा बफर के अधिकारी प्रतीक श्रीवास्तव ने बताया कि हाथियों की मदद से बाघिन पर चौबीसों घंटे नजर रखी जा रही है ताकि किसी भी अनहोनी को रोका जा सके।