मंडला जिले के कान्हा टाइगर रिजर्व के बफर जोन से बाघ के मवेशी के शिकार के दो वीडियो सामने आए हैं। ये वीडियो बुधवार देर रात की बताए जा रहे हैं और साल ट्री रिसोर्ट के नजदीक की घटना है।
.
पहले वीडियो में एक बाघ मवेशी को किसी भवन की बाउंड्री वॉल से घसीटते हुए दिख रहा है। दूसरे वीडियो में बाघ सड़क पर मवेशी को घसीटकर ले जा रहा है।
सोशल मीडिया पर सामने आए इन वीडियो में दिख रहा बाघ कान्हा टाइगर रिजर्व के मुक्की जोन का प्रसिद्ध पट्टेवाला मेल (टी-125) बताया जा रहा है। यह घटना मुक्की के नजदीक स्थित बंजारी टोला क्षेत्र की है।
हालांकि, वन विभाग ने अभी तक इन वीडियो की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। बफर जोन में इस तरह की घटना सामने आने के बाद आसपास के ग्रामीणों और रिसोर्ट क्षेत्र में सतर्कता बढ़ा दी गई है। वन विभाग स्थिति पर नजर रख रहा है और आवश्यक कदम उठाने की बात कह रहा है।