भारत के महान बल्लेबाज विराट कोहली ने अपनी खतरनाक फॉर्म को जारी रखते हुए विजय हजारे ट्रॉफी वनडे टूर्नामेंट (2025-26) में एक और धमाका कर दिया है. विराट कोहली की रनों की भूख मानों खत्म होने का नाम ही नहीं ले रही है और वह धड़ाधड़ रनों की आग उगल रहे हैं. बेंगलुरु में खेले जा रहे विजय हजारे ट्रॉफी के मैच में विराट कोहली ने दिल्ली की तरफ से खेलते हुए गुजरात के खिलाफ 61 गेंदों पर 77 रन ठोक दिए.
विराट कोहली ने LIST-A क्रिकेट में बनाया ये बड़ा रिकॉर्ड
विराट कोहली ने 126.23 की स्ट्राइक रेट से बल्लेबाजी करते हुए 13 चौके और एक छक्का जमाया. 50 ओवर फॉर्मेट की क्रिकेट में विराट कोहली का यह लगातार छठा 50+ स्कोर है. विराट कोहली ने 50 ओवर फॉर्मेट के मैच (ODI+LIST-A) में अभी तक लगातार छह 50+ स्कोर ठोकते हुए 74*, 135, 102, 65, 131 और 77 रन की पारियां खेली हैं. ऐसा लग रहा था कि विराट कोहली बेंगलुरु में शुक्रवार को गुजरात के खिलाफ विजय हजारे ट्रॉफी के मैच में शतक ठोक देंगे, लेकिन ऐसा नहीं हुआ.
विराट कोहली का तूफान अभी तक जारी
विराट कोहली अक्टूबर में ऑस्ट्रेलियाई दौरे पर पर्थ और एडिलेड में खेले गए शुरुआत के लगातार दो वनडे इंटरनेशनल मैचों में जीरो के स्कोर पर आउट हो गए थे. इसके बाद किंग कोहली ने धमाकेदार वापसी करते हुए ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 25 अक्टूबर को सिडनी में खेले गए ODI मैच में नाबाद 74 रन ठोक दिए. विराट कोहली ने इसके बाद तो रनों और शतकों की आग उगलनी शुरू कर दी और उसका सिलसिला अभी तक जारी है.
विराट कोहली लगा रहे शतक पर शतक
साउथ अफ्रीका के खिलाफ हाल ही में खेली गई तीन मैचों की वनडे इंटरनेशनल सीरीज में भी विराट कोहली ने दो शतक और एक अर्धशतक लगाए थे. विराट कोहली ने इस दौरान 135 रन, 102 रन और नाबाद 65 रन की पारियां खेली थी. विराट कोहली ने बुधवार 24 दिसंबर को विजय हजारे ट्रॉफी में 15 साल बाद अपना कोई मैच खेला था, जिसमें उन्होंने धमाकेदार अंदाज में शतक जड़ दिया. विराट कोहली ने आंध्र के खिलाफ बुधवार 24 दिसंबर को बेंगलुरु में खेले गए विजय हजारे ट्रॉफी के मैच में शतक जड़ते हुए 101 गेंद पर 131 रन बनाए थे.