शाजापुर जिले के ग्राम लड़ावत में खेत पर काम करते समय करंट लगने से एक किसान की मौत हो गई। यह घटना गुरुवार और शुक्रवार की दरमियानी रात की बताई जा रही है। मृतक की पहचान महेंद्र सिंह के रूप में हुई है। वे गुरुवार रात खेत में पानी देने के लिए घर से निकले
.
शुक्रवार सुबह खेत के पास रहने वाले एक व्यक्ति ने खेत में मृतक किसान कों गिरे हुआ पड़ा देखा। उसने तत्काल परिजनों को इसकी सूचना दी। परिजन मौके पर पहुंचे तो महेंद्र सिंह खेत में गिरे हुए मिले। उनके पास ही करंट का तार और झटका मशीन लगी हुई थी। परिजन उन्हें तुरंत उपचार के लिए शाजापुर जिला अस्पताल ले गए, जहां शुक्रवार सुबह करीब 10 बजे डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
भतीजे ने बताया कि काका खेत में पड़े मिले
मृतक के भतीजे धर्मेंद्र सिंह ने बताया कि उनके काका महेंद्र सिंह रात में खेत पर पानी देने गए थे। सुबह फोन आने पर जब वे मौके पर पहुंचे, तो उनके काका खेत में पड़े मिले। वहां करंट से जुड़ी मशीनें लगी हुई थीं, जिससे उन्हें करंट लगने की आशंका जताई जा रही है।
अस्पताल पुलिस चौकी पर पदस्थ प्रधान आरक्षक पदम सिंह ने जानकारी दी कि किसान को मृत अवस्था में अस्पताल लाया गया था। शव को पोस्टमॉर्टम कक्ष में रखा गया है। पोस्टमॉर्टम की कानूनी प्रक्रिया पूरी की जा रही है, जिसके बाद शव परिजनों को सौंपा जाएगा। मामले की जांच के लिए संबंधित थाने में मर्ग कायम कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।