Last Updated:
Virat Kohli Vijay Hazare Trophy: विराट कोहली का बल्ला विजय हजारे ट्रॉफी में जमकर बोल रहा है, पहले मैच में आंध्र प्रदेश के खिलाफ 131 रन बनाने वाले किंग कोहली ने गुजरात के विरुद्ध बेंगलुरु स्थित सेंटर ऑफ एक्लीलेंस ग्राउंड पर 61 गेंद में 77 रन ठोक दिए. 29 गेंद में अर्धशतक जमाने वाले कोहली ने अपनी इस पारी के दौरान 13 चौके और एक छक्का भी जमाया.
बेंगलुरु: विराट कोहली का विजय हजारे ट्रॉफी में प्रचंड फॉर्म जारी है. टूर्नामेंट में वह लगातार दूसरे शतक के बेहद करीब थे, लेकिन गुजरात के खिलाफ 61 गेंद में 77 रन बनाकर आउट हो गए. आंध्र प्रदेश के खिलाफ पिछले मुकाबले में उन्होंने दमदार सेंचुरी ठोकी थी. बेंगलुरु स्थित सेंटर ऑफ एक्सीलेंस के ग्राउंड पर दिल्ली की ओर से खेलते हुए तीसरे नंबर पर उतरे कोहली को बैटिंग करता देख लग रहा था कि वह लगातार दूसरी सेंचुरी ठोक देंगे, लेकिन विशाल जायसवाल की गेंद पर विकेटकीपर उर्विल पटेल ने उन्हें स्टंप आउट कर दिया. विराट आज भी शानदार लय में नजर आ रहे थे, 29 गेंद में अर्धशतक लगाकर उन्होंने अपने इरादे जाहिर कर दिए थे.
विराट कोहली का पिछले 6 लिस्ट ए मैचों में प्रदर्शन
- 77 (61)
- 131 (101)
- 65* (45)
- 102 (93)
- 135 (120)
- 74* (81)
आज बेहद आक्रामक अंदाज में थे विराट
एलीट ग्रुप डी के मुकाबले में शुक्रवार को गुजरात ने टॉस जीतकर दिल्ली को पहले बल्लेबाजी का बुलाया दिया. प्रियांश आर्या लगातार दूसरे मैच में सस्ते में आउट हो गए, इसके बाद अर्पित राणा का साथ देने विराट कोहली क्रीज पर पहुंचे. आते ही उन्होंने चौके की झड़ी लगा दी. विराट की विस्फोटक बल्लेबाजी देखते हुए गुजरात के कप्तान चिंतन गाजा ने विकेटकीपर उर्विल पटेल को आगे बुला लिया. उर्विल पटेल स्टंप्स से चिपककर विकेटकीपिंग करने लगे, कोहली ने लगातार चौके जड़कर अरपने इरादे जाहिर कर दिए, लेकिन फिर इसी प्लान ने गुजरात को विराट का बड़ा विकेट भी दिलाया.
दबाव बनाकर खिलाया जा रहा विजय हजारे टूर्नामेंट
रोहित शर्मा की ही तरह टी-20 और टेस्ट फॉर्मेट से संन्यास ले चुके विराट कोहली भी वनडे वर्ल्ड कप 2027 में भारत के लिए खेलना चाहते हैं, लेकिन बीसीसीआई ने साफ निर्देश दे दिया कि सारे सीनियर और जूनियर प्लेयर्स जो नेशनल टीम में नहीं खेल रहे हैं उन्हें हर घरेलू टूर्नामेंट खेलना अनिवार्य है. फॉर्म और फिटनेस साबित करने वालों को ही किसी भी सीरीज या टूर्नामेंट के लिए सिलेक्ट किया जाएगा, यही कारण है कि परिवार के साथ लंदन में बस चुके विराट बीसीसीआई के इस घरेलू वनडे टूर्नामेंट में हिस्सा लेने भारत आए हैं.
About the Author
अंशुल तलमले फरवरी 2025 से नेटवर्क18 ग्रुप में डिप्टी न्यूज एडिटर की जर्सी पहनकर स्पोर्ट्स डेस्क की कप्तानी कर रहे हैं. जबरदस्त स्ट्राइक रेट के साथ पिछले एक दशक से उनकी नाबाद पारी जारी है. अपनी ऑलराउंड क्षमता के…और पढ़ें