India Womens vs Sri lanka Womens T20I: भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने श्रीलंका के खिलाफ 5 टी20 मैचों की सीरीज में अजेय बढ़त हासिल कर ली. उसने शुक्रवार (26 दिसंबर) को तिरुवनंतपुरम में 8 विकेट से तीसरे टी20 मैच को जीत लिया. इससे पहले भारतीय टीम ने विशाखापत्तनम में लगातार दो मैच जीते थे. यह टी20 में श्रीलंका के खिलाफ भारत की लगातार चौथी सीरीज जीत है. टीम इंडिया उसके खिलाफ सीरीज सिर्फ तब हारी थी जब दोनों ने 2014 में भारत में पहली सीरीज खेली थी.
शेफाली की रिकॉर्डतोड़ बैटिंग
भारत ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया. श्रीलंका ने 20 ओवरों में 7 विकेट पर 112 रन बनाए. टीम इंडिया ने 13.2 ओवरों में 2 विकेट पर 115 रन बनाकर मैच को अपने नाम कर लिया. शेफाली वर्मा ने 42 गेंद पर नाबाद 79 रन बनाए. उन्होंने 11 चौके और 3 छक्के लगाए. कप्तान हरमनप्रीत कौर ने 18 गेंदों पर नाबाद 21 रन बनाए. उन्होंने 2 चौके लगाए. जेमिमा रोड्रिग्स 9 और स्मृति मंधाना 1 रन बनाकर आउट हुईं. शेफाली श्रीलंका के खिलाफ टी20 मैच में सर्वोच्च स्कोर बनाने वाली भारतीय खिलाड़ी बन गईं.
T20I में भारत बनाम श्रीलंका महिला मैच में सबसे बड़ा स्कोर
79* – शेफाली वर्मा, तिरुवनंतपुरम, 2025
76 – जेमिमा रोड्रिग्ज, सिलहट, 2022
69* – जेमिमा रोड्रिग्स, विशाखापत्तनम, 2025
69* – शैफाली वर्मा, विशाखापत्तनम, 2025
ये भी पढ़ें: 1 दिन में गिरे 20 विकेट… इंग्लैंड के दिग्गजों का फूटा गुस्सा, MCG पर निकाली भड़ास
हरमनप्रीत ने हासिल की बड़ी उपलब्धि
भारत की कप्तान हरमनप्रीत कौर ने इस मैच में जीत के साथ ही एक बड़ी उपलब्धि हासिल कर ली हैं. वह टी20 इंटरनेशनल में सबसे ज्यादा मैच जीतने वाले कप्तान बन गईं.हरमन ने इस मामले में मेग लैनिंग को पीछे छोड़ दिया. उनकी कप्तानी में भारत ने 130 में से 77 मैच जीते हैं. लैनिंग की कप्तानी में ऑस्ट्रेलिया ने 100 मैचों में 76 जीते थे.
महिला T20I में कप्तान के तौर पर सबसे ज्यादा जीत
77 – हरमनप्रीत कौर (130 मैच)
76 – मेग लैनिंग (100 मैच)
72 – हीथर नाइट (96 मैच)
68 – शार्लेट एडवर्ड्स (93 मैच)
ये भी पढ़ें: 2022 टी20 वर्ल्ड कप सेमीफाइनल में क्यों हारी थी टीम इंडिया? ऑस्ट्रेलियाई दिग्गज के खुलासे से मची सनसनी
रेणुका-दीप्ति ने बरपाया कहर
इससे पहले श्रीलंका की टीम ने अच्छी शुरुआत की, लेकिन उनकी पारी तेजी से खराब होती गई. इमेशा दुलानी (27) और कविशा दिलहारी (20) के बीच सिर्फ़ 40 रन की पार्टनरशिप ही टिक पाई. कौशिनी नुथ्यांगना (नाबाद 19) के आखिरी समय में किए गए योगदान ने श्रीलंका को सम्मानजनक स्कोर तक पहुंचाया. भारत के लिए तेज गेंदबाज रेणुका सिंह ठाकु ने 21 रन देकर 4 और ऑलराउंडर दीप्ति शर्मा ने 18 रन देकर 3 विकेट लिए. रेणुका को प्लेयर ऑफ द मैच का अवॉर्ड दिया गया.