बिना नंबर प्लेट, काली फिल्म और डंडा रखकर चल रहे कार चालक से पूछताछ करती एडिशनल एसपी अनु बेनीवाल।
ग्वालियर में यातायात एडिशनल एसपी अनु बेनीवाल का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो में वह एक कार चालक से कहती दिख रही हैं कि तुम्हारे फूफाजी चाहे प्रेसिडेंट हों, चालान तो होगा।” यह घटना वाहन चेकिंग के दौरान हुई।
.
एडिशनल एसपी ने जिस कार चालक से यह बात कही, उसकी गाड़ी की जांच की गई। जांच में कार में काली फिल्म लगी पाई गई, साथ ही गाड़ी में बिना अनुमति डंडा रखा हुआ था और उस पर नंबर प्लेट भी नहीं थी। इन उल्लंघनों के लिए यातायात अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई। कार को जब्त कर चालानी कार्रवाई के लिए थाने भेजा गया।
यह घटना शनिवार शाम को ग्वालियर के मेडिकल कॉलेज के पास हुई, जहां एडिशनल एसपी अनु बेनीवाल वाहन चेकिंग का निरीक्षण करने पहुंची थीं। यातायात पुलिस द्वारा शहर में बिना नंबर प्लेट वाले वाहनों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा था।
इस चेकिंग अभियान के दौरान कुल 172 वाहनों पर चालानी कार्रवाई की गई, जिनसे 86 हजार रुपए से अधिक की राशि वसूली गई है। इस कार्रवाई में झांसी रोड, मेला और कम्पू यातायात थानों ने हिस्सा लिया।