खंडवा के कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत रामनगर निवासी एक 31 वर्षीय युवक का शुक्रवार रात अचानक निधन हो गया। मृतक आदित्य बड़ोदिया पेशे से इंजीनियर था और एक निजी फाइनेंस कंपनी में कार्यरत था। अचानक तबीयत बिगड़ने पर परिजन उसे मेडिकल कॉलेज अस्पताल लेकर पहुं
.
परिजनों के अनुसार शुक्रवार रात आदित्य को अचानक बेचैनी होने लगी और अत्यधिक पसीना निकलने लगा। हालत बिगड़ने पर तत्काल उसे खंडवा के मेडिकल कॉलेज हॉस्पिटल लाया गया, लेकिन इलाज शुरू होने से पहले ही उसकी मौत हो चुकी थी।
पोस्टमॉर्टम रूम पहुंचे मृतक के रिश्तेदार एडवोकेट डॉ. डीएल बकोरिया ने बताया कि आदित्य बड़ोदिया ने इंजीनियरिंग की पढ़ाई पूरी करने के बाद एक निजी फाइनेंस कंपनी जॉइन की थी। मृतक के पिता बैंक में मैनेजर पद से सेवानिवृत्त होने के बाद वर्तमान में वकालत की प्रैक्टिस कर रहे हैं।
परिजनों ने बताया कि आदित्य को पूर्व में कोई गंभीर स्वास्थ्य समस्या नहीं थी। उसकी शादी को करीब 8 से 9 महीने ही हुए थे। उसकी ससुराल पंधाना क्षेत्र के टाकलीखेड़ा गांव में है। फिलहाल मौत के कारणों को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं हो पाई है, पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही कारणों का खुलासा हो सकेगा।