भारत का एक टैलेंटेड युवा क्रिकेटर ऐसा है, जो अभी तक इंटरनेशनल क्रिकेट में 3405 रन बना चुका है और उसके नाम 9 शतक जड़ने का रिकॉर्ड दर्ज है. अपनी बेखौफ बल्लेबाजी के लिए मशहूर ये भारतीय बल्लेबाज इंटरनेशनल क्रिकेट में अभी तक 87 छक्के उड़ा चुका है. हालांकि इंटरनेशनल क्रिकेट के दो फॉर्मेट्स में इस बल्लेबाज को खुलकर मौके नहीं मिल रहे हैं. जी हां, हम बात कर रहे हैं भारत के 24 साल के युवा बल्लेबाज यशस्वी जायसवाल की.
ODI और T20I टीम में खुलकर नहीं मिल रहे मौके
यशस्वी जायसवाल का आज जन्मदिन है. यशस्वी जायसवाल का जन्म 28 दिसंबर 2001 को भदोही (उत्तरप्रदेश) में हुआ था. 24 साल के यशस्वी जायसवाल जहां टेस्ट क्रिकेट में भारत के पहली पसंद के ओपनिंग बल्लेबाज हैं. वहीं, इसके उलट भारत की ODI और T20I टीम में उन्हें बहुत सीमित मौके मिलते हैं.यशस्वी जायसवाल भारत के उन चुनिंदा खिलाड़ियों में शुमार हैं, जो तीनों ही फॉर्मेट में शतक लगा चुके हैं. इसके बावजूद टेस्ट क्रिकेट को छोड़कर ODI और T20I में उनकी जगह नहीं बन पा रही है.
ढाई साल पहले किया था इंटरनेशनल डेब्यू
घरेलू क्रिकेट और आईपीएल में शानदार प्रदर्शन की वजह से 14 जुलाई 2023 को वेस्टइंडीज के खिलाफ टेस्ट में डेब्यू का मौका मिला. उसी साल T20I और फिर 2025 में उन्होंने ODI टीम में डेब्यू किया. पिछले 2 साल में जायसवाल ने खुद को तीनों ही फॉर्मेट में एक विस्फोटक और भरोसेमंद सलामी बल्लेबाज के रूप में साबित किया है. क्रिकेट में फॉर्म के साथ-साथ किस्मत का होना भी जरूरी होता है. जायसवाल के पास फॉर्म तो है, लेकिन किस्मत शायद उनपर उतनी मेहरबान नहीं है जितनी होनी चाहिए.
टी20 वर्ल्ड कप 2026 से भी कट गया पत्ता
जायसवाल टी20 वर्ल्ड कप 2026 की टीम में नहीं हैं. वनडे फॉर्मेट में भी साउथ अफ्रीका सीरीज के खिलाफ उन्हें गिल की इंजरी की वजह से मौका मिला था और उन्होंने आखिरी वनडे में शतक भी लगाया था. देखना होगा कि गिल की वापसी की स्थिति में उन्हें न्यूजीलैंड के खिलाफ होने वाली वनडे सीरीज में मौका मिलता है या नहीं. टेस्ट फॉर्मेट में जायसवाल को डेब्यू के बाद लगातार मौके मिले हैं और क्रिकेट के इस पारंपरिक फॉर्मेट में उन्होंने भारत के साथ-साथ इंग्लैंड और ऑस्ट्रेलिया की पिचों पर भी रन बनाए हैं. आईपीएल में भी जायसवाल का जमकर चलता है. वह आईपीएल में राजस्थान रॉयल्स के लिए खेलते हैं. उनके करियर पर गौर करें तो 28 टेस्ट में 7 शतक की मदद से 2,511 रन, 4 वनडे में 1 शतक की मदद से 171 रन और 23 टी20 में 1 शतक और 5 अर्धशतक की मदद से 723 रन जायसवाल के नाम पर दर्ज हैं.