राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के 100 साल पूरे होने की खुशी में शहर और जिले के अलग-अलग इलाकों में हिंदू सम्मेलनों का आयोजन किया जा रहा है। इसी कड़ी में रविवार को विकास नगर के सांवरिया सेठ मंदिर के पास हनुमान बस्ती में सम्मेलन हुआ।
.
कार्यक्रम में संत और विद्वान शामिल हुए। मंच पर कृष्ण बिहारी दास जी महाराज, रामदास महाराज और अन्य संत मौजूद रहे।
मुख्य वक्ता के रूप में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के प्रांतीय पदाधिकारी विजय दीक्षित ने हिस्सा लिया। कार्यक्रम की शुरुआत दीप जलाकर की गई, जिसके बाद बच्चों ने पर्यावरण बचाने का संदेश देते हुए सुंदर नाटक और नाच-गाना पेश किया। वहीं, गोपाल दास महाराज के भजनों ने पूरे माहौल को भक्ति से भर दिया।
एकता और भाईचारे का संदेश दिया
सम्मेलन में आए संतों ने समाज को एक होने की सीख दी। कृष्ण बिहारी दास महाराज ने बताया कि जो व्यक्ति बुरे कामों से दूर रहता है, वही सच्चा हिंदू है। वक्ताओं ने इस बात पर जोर दिया कि आज पूरी दुनिया शांति के लिए भारत की ओर देख रही है और यह जिम्मेदारी हम सबकी है कि हम मिलकर समाज को आगे बढ़ाएं।
संगठन की ताकत पर चर्चा
मुख्य वक्ता विजय दीक्षित ने संघ के 100 वर्षों के सफर के बारे में बताया। उन्होंने कहा कि अगर हमारा समाज एकजुट और अच्छे संस्कारों वाला होगा, तभी देश मजबूत बनेगा। उन्होंने हर व्यक्ति को अपने देश, समाज और संस्कृति के प्रति अपनी जिम्मेदारी समझने की बात कही।
इस सम्मेलन में बड़ी संख्या में महिलाएं, युवा और स्थानीय लोग शामिल हुए। कार्यक्रम के अंत में सभी के लिए भोजन का इंतजाम किया गया था। लोगों के भारी उत्साह और सहयोग से यह आयोजन पूरी तरह सफल रहा।