India Women vs Sri Lanka Women: भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने रविवार (28 दिसंबर) को तिरुवनंतपुरम में खेले गए चौथे टी20 मैच को 30 रनों से जीत लिया. इसके साथ ही हरमनप्रीत कौर की अगुवाई वाली टीम ने 5 मैचों की सीरीज में 4-0 की अजेय बढ़त हासिल कर ली है. ग्रीनफील्ड इंटरनेशनल स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में गेंदबाजों की बड़ी दुर्दशा हुई. दोनों टीम के बल्लेबाजों ने चौकों-छक्कों की बरसात कर दी. हालांकि, रोमांचक मैच में आखिरकार जीत भारत को मिली.
बैटिंग के लिए मददगार पिच पर श्रीलंकन महिला टीम ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया. उनके इस निर्णय पर स्मृति मंधाना उर शेफाली वर्मा ने पानी फेरते हुए रनों का पहाड़ खड़ा कर दिया. भारत की इस सुपरहिट जोड़ी ने 92 गेंदों पर 162 रनों की रिकॉर्डतोड़ साझेदारी की. स्मृति और शेफाली भले ही शतक से चूक गईं, लेकिन दोनों ने श्रीलंकन गेंदबाजों को तहस-नहस करने में कोई कसर नहीं छोड़ी.
स्मृति-शेफाली-ऋचा ने मचाया तहलका
श्रीलंका के खिलाफ चौथे टी20 मैच में स्मृति मंधाना ने 48 गेंदों पर 80 रनों की शानदार पारी खेली. इस दौरान बाएं हाथ की स्टाइलिश बल्लेबाज ने 11 चौके और 3 छक्के जड़े. शेफाली वर्मा ने भी शुरुआत से आक्रामक रवैया अपनाया. उन्होंने 12 चौके और एक छक्के की मदद से 46 गेंदों पर 79 रन बनाए. स्मृति मंधाना और शेफाली वर्मा के बीच 92 गेंदों पर 162 रनों की ऐतिहासिक साझेदारी हुई. टी20 अंतरराष्ट्रीय मैचों में भारतीय महिला टीम की तरफ से किसी विकेट के लिए इससे बड़ी पार्टनरशिप नई हुई थी. दिलचस्प बात ये है कि इससे पहले भी इस रिकॉर्ड पर स्मृति-शेफाली का ही कब्जा था. दोनों ने 2019 में वेस्टइंडीज के खिलाफ 143 रन जोड़े थे.
स्मृति मंधाना और शेफाली वर्मा का विकेट लेने के बाद भी श्रीलंकन टीम को राहत नहीं मिली. स्टार विकेट कीपर बल्लेबाज ऋचा घोष ने 250.00 की स्ट्राइक रेट से खेलते हुए 16 गेंद पर नाबाद 40 रन ठोक दिए. इन तीनों की ताबड़तोड़ बैटिंग के दम पर भारत ने 20 ओवरों में 221 रनों का पहाड़ खड़ा कर दिया. टी20 इंटरनेशनल में ये भारतीय महिला टीम का सर्वाधिक स्कोर भी है.
श्रीलंका महिला टीम ने बनाए 191 रन
मुश्किल लक्ष्य का पीछा करते हुए श्रीलंकाई महिला क्रिकेट टीम ने अंत तक लड़ाई लड़ी. कप्तान चमारी अथापथ्थु ने सबसे अधिक 52 रन बनाए, लेकिन उनके आउट होते ही भारत की पकड़ मजबूत हो गई. श्रीलंका ने 20 ओवरों में 6 विकेट खोकर 191 रन बनाए, जो महिला T20I में उनका उच्चतम स्कोर है, लेकिन इसके बावजूद उन्हें 30 रनों से हार का सामना करना पड़ा.
ये भी पढ़ें: 120 गेंद पर 221 रन… ‘घायल शेरनी’ की तरह दहाड़ीं मंधाना, शेफाली ने भी मचाया गदर, बना दिया भयंकर रिकॉर्ड