Last Updated:
Kia भारत में साल के अंत तक Sorento Hybrid लॉन्च करेगी, जिसमें 1.6-लीटर टर्बो इंजन, PMSM मोटर, प्रीमियम इंटीरियर और 7-सीटर वेरिएंट की संभावना है. इंडिया में ये कंपनी की पहली हाइब्रिड कार होगी. मारुति और टाटा जैसे ब्रांड इंडिया में पहले ही कई हाइब्रिड मॉडल लॉन्च कर चुके हैं.
नई दिल्ली. आने वाले महीनों में Syros EV के साथ अपनी इलेक्ट्रिक व्हीकल लाइन-अप को चार मॉडलों तक बढ़ाने के बाद, किआ अब भारत में अपनी इलेक्ट्रिफिकेशन रणनीति को हाइब्रिड गाड़ियों तक विस्तार देने जा रही है, जिससे कंपनी को ज्यादा बिक्री की उम्मीद है. कंपनी इस साल के अंत तक भारतीय बाजार में अपनी पहली हाइब्रिड कार लॉन्च करने की योजना बना रही है. जैसा कि कंपनी ने BEV के साथ टॉप-डाउन अप्रोच अपनाई थी, वैसे ही किया सबसे पहले भारत में Sorento Hybrid लॉन्च कर सकती है. यह गाड़ी ग्लोबल D-सेगमेंट की है, जिसमें पहले हुंडई ने Santa Fe बेची थी. Sorento Hybrid को अंतरराष्ट्रीय बाजार में 2020 से बेचा जा रहा है और 2023 में इसका फेसलिफ्ट वर्जन आया था.
‘रिफाइंड बोल्डनेस’ थीम
‘रिफाइंड बोल्डनेस’ थीम पर बनी Kia Sorento Hybrid का एक्सटीरियर कॉन्फिडेंट और मैच्योर दिखता है, जिसमें मजबूती के साथ-साथ एलिगेंस भी नजर आती है. इसमें Kia EV9 से प्रेरित वर्टिकल हेडलाइट्स के साथ स्टार मैप DRLs, ऊंचा बोनट, बड़ा रेडिएटर ग्रिल जिसमें 3D मेश पैटर्न है, 20-इंच के अलॉय व्हील्स, ऊंची रूफ रेल्स और वर्टिकल टेल लैंप्स के साथ स्टार मैप ग्राफिक्स दिए गए हैं, जो गाड़ी को दमदार लुक देते हैं.
प्रीमियम इंटीरियर
इसका प्रीमियम इंटीरियर Kia Sorento Hybrid के सोफिस्टिकेटेड कैरेक्टर से मेल खाता है. इसमें हॉरिजॉन्टल डैशबोर्ड है, जिसमें 12.3-इंच का डिजिटल इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर और 12.3-इंच का टचस्क्रीन इंफोटेनमेंट सिस्टम एक कर्व्ड पैनल पर लगे हैं. साथ ही दो वर्टिकल और दो हॉरिजॉन्टल एयर वेंट्स, और मल्टीमीडिया व क्लाइमेट सेटिंग्स के लिए ड्यूल-फंक्शन कैपेसिटिव टच स्क्रीन दी गई है. तीन-स्पोक स्टीयरिंग व्हील जिसमें स्क्वायरल सेंटर पैड है और डैशबोर्ड व डोर ट्रिम्स में वुड ग्रेन/मेटल इंसर्ट्स भी डिजाइन की खासियत हैं. Kia अंतरराष्ट्रीय बाजार में Sorento Hybrid को 6 और सात सीटों वाले वेरिएंट्स में पेश करती है और माना जा रहा है कि कम से कम सात सीटों वाला वेरिएंट भारत में आएगा.
इंजन, पावर और परफॉर्मेंस
इसमें 1.6-लीटर टर्बोचार्ज्ड पेट्रोल इंजन है, जो 132.4 kW (177 hp) की पावर और 265 Nm का टॉर्क देता है. इसके साथ 47.7 kW (64 hp) और 250 Nm टॉर्क वाला परमानेंट मैग्नेट सिंक्रोनस मोटर (PMSM) है, जो 1.49 kWh बैटरी पैक पर चलता है. इसमें 6-स्पीड ऑटोमैटिक ट्रांसमिशन स्टैंडर्ड है, जबकि ऑल-व्हील ड्राइव सिस्टम ऑप्शनल है. कुल 176 kW (236 hp) पावर और 380 Nm टॉर्क के साथ Sorento Hybrid 0 से 100 किमी/घंटा की रफ्तार 8.8 सेकंड (2WD)/9.0 सेकंड (AWD) में पकड़ लेती है. इसकी टॉप स्पीड 196 किमी/घंटा है, जबकि इलेक्ट्रिक मोड में यह 120 किमी/घंटा तक जा सकती है. यूरोप के WLTP के मुताबिक, यह हाइब्रिड SUV 15.2 किमी/लीटर (2WD)/14.3 किमी/लीटर (AWD) का माइलेज देती है.