Australia vs England Sydney Test: ऑस्ट्रेलिया-इंग्लैंड के बीच एशेज सीरीज 2025-26 आखिरी पड़ाव पर है. सीरीज के चार मैच हो चुके हैं. इंग्लैंड 3-1 से आगे है. आखिरी मुकाबला 4 जनवरी को सिडनी में होगा. यह मैच एक दिग्गज बल्लेबाज के करियर का आखिरी मुकाबला साबित हो सकता है. वो संन्यास ले सकता है. ये कोई और नहीं बल्कि ऑस्ट्रेलिया के स्टार टेस्ट ओपनर उस्मान ख्वाजा हैं. ख्वाजा अपने बचपन के दोस्त डेविड वॉर्नर की राह पर चल सकते हैं. चूंकि ख्वाजा ने अपने संन्यास को लेकर कोई बयान नहीं दिया है, लेकिन ये चर्चा क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया के दिग्गज पूर्व गेंदबाज ब्रेट ली के एक बयान के बाद चारों तरफ उठ चुकी है. यहां हम ये जानेंगे कि आखिर ब्रेट ली ने उस्मान ख्वाजा को लेकर क्या कहा और आखिर कैसे ख्वाजा अपने बचपन के दोस्त डेविड वॉर्नर की राह पर चल सकते हैं. सबसे पहले बात ब्रेट ली के उस बयान की, जिसने ख्वाजा के संन्यास की चर्चा उठा दी है.
दरअसल, सिडनी टेस्ट से पहले ऑस्ट्रेलिया के पूर्व तेज गेंदबाज ब्रेट ली ने एक बड़ा स्टेटमेंट दिया है. उनका ये मानना है कि उस्मान ख्वाजा के लिए सिडनी टेस्ट इंटरनेशनल क्रिकेट को अलविदा कहने का एक खास मौका हो सकता है. ली ऐसा इसलिए मानते हैं, क्योंकि ख्वाजा की उम्र 39 साल हो चुकी है. 2025 में उनके आंकड़े सामान्य हैं. करियर ढलान पर है. इस साल के 10 टेस्ट मैचों में 36.11 की औसत से 614 रन बनाए, जिसमें एक शतक और एक अर्धशतक शामिल है.
आपको जानकर हैरानी होगी कि इस दिग्गज ने जनवरी में श्रीलंका के खिलाफ 232 रनों की शानदार पारी खेली थी. फिर ख्वाजा को 50 या फिर उससे ज्यादा का स्कोर बनाने के लिए दिसंबर में एडिलेड टेस्ट तक का इंतजार करना पड़ा. चूंकि अब ऑस्ट्रेलिया के लिए ट्रेविस हेड एक सेट ओपनर हैं, ऐसे में सवाल है कि आखिर ख्वाजा कब तक खेलेंगे?
ब्रेट ली ने क्या कहा?
39 साल के ख्वाजा कब तक खेलेंगे? इस सवाल के बीच ब्रेट ली ने द रोअर से बातचीत में बड़ी बात कह दी. उन्होंने कहा, ‘यह फैसला उन्हीं का होगा, लेकिन क्या यह उनके लिए विदाई का खास तरीका नहीं होगा? घरेलू मैदान पर खेलना और सीरीज 4-1 से जीतने का मौका, यह वाकई खास होगा.’ हालांकि उस्मान ख्वाजा की तरफ से खुद के संन्यास को लेकर अब तक कोई भी स्टेटमेंट नहीं आया है. उस्मान ख्वाजा के इंटरनेशनल करियर पर नजर डालें तो वो ऑस्ट्रेलिया के लिए 87 टेस्ट में 6206 रन बना चुके हैं. इस दौरान 16 शतक और 28 अर्धशतक ठोके. टेस्ट में उनका औसत 43.39 रहा. 40 वनडे और 9 टी20 भी खेले.
एशेज सीरीज 2025-26 में फ्लॉप रहे हैं उस्मान ख्वाजा
मौजूदा एशेज सीरीज में ख्वाजा ने 5 पारियों में 153 रन 30.60 की औसत से बनाए हैं. इन 5 पारियों में उन्होंने बस एक अर्धशतक लगाया है. वो प्लेइंग इलेवन से अंदर-बाहर होते रहे हैं. ऐसे में अगले साल अगस्त में होने वाली टेस्ट सीरीज तक सेलेक्टर्स का भरोसा उन पर कितना कायम रहेगा, कहना मुश्किल है.उनके संन्यास को लेकर ऑस्ट्रेलियाई टीम के कोच एंड्रयू मैकडोनाल्ड का कहना है कि उन्हें इस बारे में कोई जानकारी नहीं है. मैकडोनाल्ड के मुताबिक सेलेक्टर्स ने भी इस बारे में कोई इशारा नहीं किया है.
क्या दोस्त की राह पर चलेंगे?
ये सवाल इसलिए क्योंकि हर खिलाड़ी अपने करियर को एक अच्छे नोट पर एंड करना चाहता है. 39 साल के उस्मान के पास संन्यास लेने का बड़ा मौका है. ऑस्ट्रेलिया सिडनी टेस्ट जीतता है तो ख्वाजा संन्यास ले सकते हैं. ब्रेट ली की मानें तो ख्वाजा के पास 4-1 से सीरीज जीतने के साथ संन्यास लेने का इससे अच्छा मौका नहीं होगा.
चूंकि एशेज सीरीज के खत्म होने के बाद ऑस्ट्रेलिया को अपना अगला टेस्ट 8 महीने बाद यानी अगले साल अगस्त में खेलना है. बांग्लादेश के खिलाफ होने वाली उस टेस्ट सीरीज तक उस्मान ख्वाजा लगभग 40 साल के हो जाएंगे. अगर ख्वाजा ने चाह लिया तो वो अपने बचपन के दोस्त डेविड वॉर्नर की राह पर चल सकते हैं. जनवरी 2024 में डेविड वॉर्नर ने सिडनी में ही अपने टेस्ट करियर को अलविदा कहा था. अब इसी मैदान पर उस्मान अपने करियर पर ब्रेक लगा सकते हैं. लेकिन ये पूरा फैसला उन्हीं पर निर्भर करता है.
ये भी पढ़ें: BCCI Central Contract: इन 5 वजहों के चलते Shubman Gill पर मेहरबान है BCCI, पहले कप्तानी, अब प्रमोशन की तैयारी