Aman Khan Shameful Record: विजय हजारे ट्रॉफी 2025-26 में पुडुचेरी के कप्तान और ऑलराउंडर अमन खान के नाम ऐसा शर्मनाक रिकॉर्ड दर्ज हुआ, जिसे वो जल्द से जल्द भूलना चाहेंगे. सोमवार को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम मे खेले गए मुकाबले में झारखंड के बल्लेबाजों ने अमन को आड़े हाथों लिया और उनकी गेंदबाजी की धज्जियां उड़ाते हुए 10 ओवर में 123 रन लूट लिए. जी हां, झारखंड के खिलाफ मैच में पुडुचेरी के कप्तान अमन खान ने अपने 10 ओवर की स्पेल में 12.30 की इकोनॉमी से मार खाते हुए 123 रन दिए. इसके साथ ही उनके सिर पर क्रिकेट इतिहास का सबसे शर्मनाक कलंक लग गया, जिसे वो जल्द से जल्द धोना चाहेंगे.
विजय हजारे ट्रॉफी 2025-26 में 10 ओवर में 123 रन लुटाने के बाद अमन खान पुरुषों के लिस्ट ए क्रिकेट में किसी एक मैच में सबसे ज्यादा रन खर्च करने वाले गेंदबाज बन गए हैं. इससे पहले ये शर्मनाक रिकॉर्ड अरुणाचल प्रदेश के तेज गेंदबाज मिबोम मोसु के नाम था, जिन्होंने इसी महीने की शुरुआत में विजय हजारे ट्रॉफी में बिहार के खिलाफ नौ ओवरों में 116 रन लुटाए थे.
अमन खान को CSK ने खरीदा
आईपीएल 2026 से पहले 16 दिसंबर को अबू धाबी में हुए मिनी ऑक्शन में चेन्नई सुपर किंग्स ने पुडुचेरी के ऑलराउंडर अमन खान पर दांव लगाया. CSK ने 29 वर्षीय ऑलराउंडर को 40 लाख रुपये में खरीदा है. इससे पहले उन्होंने 2023 सीजन में दिल्ली कैपिटल्स का प्रतिनिधित्व किया था और 2022 में कोलकाता नाइट राइडर्स के लिए IPL में डेब्यू किया था. अमन खान ने 2021 में सौराष्ट्र के लिए अपना पहला लिस्ट ए मैच खेला था. उन्होंने अब तक 16 लिस्ट ए मैचों में 329 रन बनाए हैं और 17 विकेट चटकाए हैं.
झारखंड ने पुडुचेरी को बुरी तरह हराया
अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेले गए मैच की बात करें तो झारखंड ने पुडुचेरी को 133 रनों से रौंद दिया. इस जीत में ऑलराउंडर अनुकूल रॉय सबसे बड़े हीरो साबित हुए. बल्ले से कोहराम मचाते हुए अनुकूल ने 53 गेंदों पर 98 रनों की ताबड़तोड़ पारी खेली. झारखंड ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 368 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया. पहले कप्तान कुमार कुशाग्र ने 104 गेंद पर 105 रन बनाकर बुनियाद रखी और फिर अंतिम ओवरों में रन गति को रॉकेट बनाने का काम अनुकूल रॉय ने किया. बाएं हाथ के बल्लेबाज ने 184.91 की स्ट्राइक रेट से खेलते हुए 53 गेंद पर 98 रन बनाए. इस दौरान उन्होंने 7 चौके और 8 छक्के जड़े. बल्ले से तबाही मचाने के बाद अनुकूल ने गेंद से भी कमाल किया और 9.4 ओवरों में 58 रन देकर 2 विकेट चटकाए. झारखंड के 368 रनों के जवाब में पुडुचेरी की टीम 235 रनों पर सिमट गई.