IPL 2026 ऑक्शन खत्म हुए एक महीना भी नहीं बीता है और कोलकाता नाईट राइडर्स (KKR) को एक घातक बल्लेबाज ने आईना दिखा दिया है. केकेआर ने इस बल्लेबाज को ऑक्शन से पहले रिलीज कर दिया था. वही बल्लेबाज मुंबई इंडियंस की टीम को कौड़ियों के भाव मिल गया और प्रचंड फॉर्म में भी नजर आ रहा है. कुछ हफ्ते पहले इस बल्लेबाज ने भारत आकर बल्ले से गदर काटा और अब साउथ अफ्रीका टी20 लीग में अपनी धुआंधार बल्लेबाजी से सभी को होश उड़ा दिए हैं.
MI को 1 करोड़ में मिला हीरा
मुंबई इंडियंस की टीम ने इस बल्लेबाज को महज 1 करोड़ रुपये में खरीदा. हम बात कर रहे हैं क्विंटन डि कॉक की जिन्होंने साउथ अफ्रीका टी20 लीग में अपनी बल्लेबाजी से सभी का ध्यान खींच लिया है. डि कॉक 1 करोड़ के बेस प्राइज के साथ ऑक्शन में शामिल हुए थे, लेकिन किसी टीम ने उन्हें भाव नहीं दिया. लेकिन अंत में मुंबई ने उन्हें बेस प्राइज के साथ अपनी टीम में शामिल किया.
केकेआर ने क्यों किया था रिलीज
केकेआर ने क्विंटन डि कॉक को आईपीएल 2025 में खराब फॉर्म के चलते रिलीज कर दिया था. उन्होंने 8 मैचों में 152 रन ही बनाए थे जिसमें एक मैच में डि कॉक के बल्ले से 117 रन की पारी भी निकली थी. उनकी बैटिंग के चलते केकेआर ने रिलीज करने का फैसला कर लिया. लेकिन अब आईपीएल 2026 से पहले डि कॉक अपनी बल्लेबाजी से महफिल लूटते नजर आ रहे हैं.
ये भी पढ़ें: टेस्ट में लौट आओ… 7 साल पहले आखिरी मैच खेलने वाले खिलाड़ी से दिग्गज ने लगाई गुहार
भारत दौरे पर किया धमाल
डि कॉक के हाल के मैचों की बात करें तो उन्होंने पहले पाकिस्तान के खिलाफ वनडे सीरीज में लगातार एक मैच में शतक जबकि दूसरे मैच में फिफ्टी ठोकी. इसके बाद भारत दौरे पर आए. उन्होंने आखिरी वनडे मैच में शानदार सेंचुरी जमाकर 106 रन की पारी खेली. इसके बाद 4 टी20 मुकाबलों में 90 और 65 रन की पारी खेली. मौजूदा समय में डि कॉक SA20 खेल रहे हैं जहां उन्होंने रॉयल्स के खिलाफ 42 जबकि प्रटोरिया कैपिटल्स के खिलाफ 77 रन की आतिशी पारी खेली जिसमें 6 छक्के जबकि 5 चौके देखने को मिले.