नीमच के दूल्हाखेड़ा गांव में विदाई को लेकर हुए विवाद में एक पति ने अपनी पत्नी पर फावड़े से हमला कर दिया। यह घटना मंगलवार शाम को हुई, जिसमें पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गई।
.
जानकारी के अनुसार, चित्तौड़गढ़ जिले के मिन्नाडा निवासी महेंद्र सिंह अपनी पत्नी पूजा को लेने दूल्हाखेड़ा आया था। पूजा लगभग 20 दिन पहले अपने दादाजी के निधन पर शोक व्यक्त करने अपनी बुआ पुष्पा कुंवर के घर आई थी। जब पूजा और उसके परिजन ने महेंद्र के साथ जाने से इनकार किया, तो महेंद्र गुस्सा हो गया।
महेंद्र ने पहले अपनी बुआ सास पुष्पा कुंवर के साथ मारपीट शुरू कर दी। जब पत्नी पूजा बीच-बचाव करने आई, तो महेंद्र ने पास रखे फावड़े से उसके सिर पर वार कर दिया।
पत्नी जिला अस्पताल में भर्ती
हमले में पूजा के सिर पर गंभीर चोटें आईं और वह लहूलुहान होकर गिर पड़ी। शोर सुनकर ग्रामीण इकट्ठा हुए और घायल पूजा को तुरंत जिला अस्पताल ले गए, जहां उसका इलाज चल रहा है।
पत्नी ने साथ रहने से किया इनकार
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी पति महेंद्र सिंह को हिरासत में ले लिया। अस्पताल में भर्ती पीड़िता पूजा ने अपने पति के साथ रहने से इनकार करते हुए तलाक की मांग की है और पुलिस से आरोपी पर सख्त कार्रवाई करने की अपील की है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।