छिंदवाड़ा में 198 मॉडिफाइड साइलेंसर नष्ट: 6 माह के अभियान का नतीजा, अब हेल्पलाइन नंबर भी जारी – Chhindwara News

छिंदवाड़ा में 198 मॉडिफाइड साइलेंसर नष्ट:  6 माह के अभियान का नतीजा, अब हेल्पलाइन नंबर भी जारी – Chhindwara News


छिंदवाड़ा में यातायात नियमों को लेकर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए बुधवार दोपहर 198 मॉडिफाइड साइलेंसरों को नष्ट किया। यह कार्रवाई मानसरोवर कॉम्प्लेक्स के सामने की गई, जहां पुलिस ने सार्वजनिक रूप से जब्त साइलेंसरों का नष्टीकरण किया।

.

दरअसल, बीते 6 महीनों से छिंदवाड़ा पुलिस द्वारा विशेष अभियान चलाया जा रहा था। इस दौरान पटाखे जैसी तेज आवाज करने वाले मॉडिफाइड साइलेंसर और नियमों का उल्लंघन कर वाहन चलाने वालों पर लगातार कार्रवाई की गई। इसी अभियान के तहत ये सभी साइलेंसर जब्त किए गए थे, जिन्हें आज नष्ट किया गया।

यातायात डीएसपी रामेश्वर चौबे ने जिलेवासियों से अपील करते हुए कहा कि यदि किसी क्षेत्र में मॉडिफाइड साइलेंसर से लोगों को परेशानी हो रही है या ऐसा कोई वाहन नजर आता है, तो इसकी सूचना तत्काल यातायात थाना के मोबाइल नंबर 7701044959 पर दें। सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी। वाहन नंबर के आधार पर संबंधित चालक पर तुरंत कार्रवाई की जाएगी।

सायलेंसर नष्ट करती पुलिस

इस मौके पर छिंदवाड़ा सीएसपी अजय राणा, यातायात निरीक्षक राकेश तिवारी के साथ ही देहात थाना, कुण्डीपुरा थाना, कोतवाली थाना और धर्मटेकरी चौकी के निरीक्षक व पुलिस स्टाफ मौजूद रहा।

पुलिस अधिकारियों ने साफ कहा कि शहर में शांति भंग करने और नियमों की अनदेखी करने वालों के खिलाफ आगे भी ऐसी कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।



Source link