नए साल को शांत और सुरक्षित बनाने के लिए शाजापुर यातायात पुलिस ने बुधवार रात से सख्त अभियान शुरू कर दिया है। इस अभियान के तहत शहर में हुड़दंग करने वालों और शराब पीकर वाहन चलाने वालों पर विशेष नजर रखी जा रही है।
.
चौराहों और मुख्य सड़कों पर जांच
यातायात पुलिस ने शहर के प्रमुख मार्गों और चौराहों पर जांच प्वाइंट बनाए हैं। यहां वाहनों को रोककर नियमों की जांच की जा रही है। पुलिस की यह मुहिम “रोको-टोको” अभियान के नाम से चलाई जा रही है।
शराब पीकर वाहन चलाने वालों पर फोकस
अभियान के दौरान शराब पीकर वाहन चलाने वालों की सघन जांच की जा रही है। साथ ही लोगों को समझाइश दी जा रही है कि नशे की हालत में वाहन न चलाएं, ताकि हादसों से बचा जा सके।
नियम तोड़ने वालों पर चालान
बिना हेलमेट और सीट बेल्ट के वाहन चलाने, नाबालिगों द्वारा वाहन चलाने, ट्रैफिक नियम तोड़ने और तेज या अतिरिक्त हेडलाइट लगाने वालों पर चालानी कार्रवाई की जा रही है।
कई जगह लगाए गए प्वाइंट
यातायात प्रभारी सौरभ शुक्ला ने बताया कि दुपाड़ा रोड, दुपाड़ा रोड तिराहा, टंकी चौराहा, धोबी चौराहा सहित कई स्थानों पर पुलिस बल तैनात है। इसके अलावा इंटरसेप्टर वाहन से लगातार पेट्रोलिंग की जा रही है। उन्होंने बताया कि बुधवार रात 8 बजे तक ड्रिंक एंड ड्राइव का कोई मामला सामने नहीं आया।
एसपी यशपाल सिंह राजपूत ने बताया-
शराब पीकर वाहन चलाने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। यह अभियान 1 जनवरी को भी जारी रहेगा, ताकि नए साल पर कोई अप्रिय घटना न हो।
