तुम मेरी गाड़ी नहीं रोक पाओगे; वकील की धौंस: भिंड पुलिस ने दो घंटे थाने में बैठाया, कार में बीजेपी युवा मोर्चा जिलाध्यक्ष भी बैठे थे – Bhind News

तुम मेरी गाड़ी नहीं रोक पाओगे; वकील की धौंस:  भिंड पुलिस ने दो घंटे थाने में बैठाया, कार में बीजेपी युवा मोर्चा जिलाध्यक्ष भी बैठे थे – Bhind News



वकील के साथ गाड़ी में बीजेपी युवा मोर्चा जिलाअध्यक्ष भी बैठे हुए थे। दोनों ने पुलिस को धौंस दिखाई।

भिंड शहर में 2025 की विदाई और 2026 के स्वागत के दौरान पुलिस अलर्ट मोड पर थी। इसी बीच सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र में पुलिस ने गुजरात नंबर की कार को चेकिंग के लिए रोका। कार चालक ने खुद को एडवोकेट उपेंद्र सिंह चौहान बताया और दबंग लहजे में पुलिस को धमकी द

.

सिटी कोतवाली के सामने चेकिंग के दौरान हुआ विवाद

जानकारी के अनुसार, सिटी कोतवाली थाना के सामने चेकिंग के दौरान पुलिस ने गुजरात नंबर की एक कार को रोका। कार चालक ने अपना परिचय एडवोकेट उपेंद्र सिंह चौहान के रूप में दिया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, सूबेदार आदित्य मिश्रा द्वारा जैसे ही वाहन रोकने का इशारा किया गया, वैसे ही चालक उपेंद्र सिंह चौहान ने दबंगई भरे लहजे में कहा कि “तुम मेरी गाड़ी नहीं रोक पाओगे, पुलिस में इतनी दम नहीं है।”

गाड़ी में मौजूद थे भाजपा युवा मोर्चा के जिला अध्यक्ष

बताया जा रहा है कि गाड़ी की बगल वाली सीट पर भाजपा युवा मोर्चा के जिला अध्यक्ष विक्रांत सिंह कुशवाह मौजूद थे। इसके बाद पुलिसकर्मियों और दोनों के बीच तीखी बहस हो गई। स्थिति बिगड़ती देख पुलिस ने दोनों को थाने ले जाकर करीब दो घंटे तक बैठाए रखा।

नशे में होने पर भी नहीं हुई सख्त कार्रवाई

सूत्रों के मुताबिक, भाजपा युवा मोर्चा का पदाधिकारी शराब के नशे में था। इस दौरान संगठन की ओर से वरिष्ठ अधिकारियों से संपर्क कर अपनी पहुंच का इस्तेमाल किया गया। इसके बावजूद पुलिस ने दोनों को करीब दो घंटे तक थाने में रोके रखा, बाद में बिना किसी सख्त कार्रवाई के छोड़ दिया गया।

शहर में पहले से चल रहा था चेकिंग अभियान

इससे पहले नववर्ष की पूर्व संध्या पर पुलिस ने शहर के अलग-अलग इलाकों में चेकिंग अभियान चलाया। शराब पीकर वाहन चलाने वालों को रोका गया और उनके खिलाफ नियमानुसार चालानी कार्रवाई की गई। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि नववर्ष के जश्न के दौरान शांति और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए सख्ती जारी रहेगी।

पूरे मामले में सिटी कोतवाली टीआई बृजेंद्र सिंह सेंगर ने बताया कि नववर्ष के दौरान शहर में चेकिंग की गई। कोई बड़ी अप्रिय घटना नहीं हुई। एक वकील और उनके साथी को कुछ कारणों से थाने लाया गया था, बाद में उन्हें जाने दिया गया।

पहले भी विवादों में रह चुके हैं विक्रांत सिंह कुशवाह

भाजपा युवा मोर्चा के जिला अध्यक्ष विक्रांत सिंह कुशवाह पहले भी विवादों में रह चुके हैं। करीब छह माह पहले शराब के नशे में उनका एक वीडियो वायरल हुआ था, जिसमें उन्होंने दिल्ली से भिंड आने वाली बस को करीब दो घंटे तक रोके रखा था। एक बार फिर नववर्ष की रात पुलिस चेकिंग में उन्हें नशे की हालत में पकड़ा गया और दो घंटे तक थाने में बैठाया गया, हालांकि इस बार भी बिना कार्रवाई के छोड़ दिया गया।



Source link