2025 में छाई रही ये एसयूवी, हर घंटे बिकीं 23 यूनिट, साल में भर लाखों ग्राहकों ने खरीदा

2025 में छाई रही ये एसयूवी, हर घंटे बिकीं 23 यूनिट, साल में भर लाखों ग्राहकों ने खरीदा


नई दिल्ली. हुंडई मोटर इंडिया लिमिटेड (HMIL) ने मिड-साइज एसयूवी सेगमेंट में नया कीर्तिमान स्थापित किया है. कंपनी की क्रेटा एसयूवी ने कैलेंडर इयर 2025 में अब तक की सबसे ज्यादा एनुअल सेल 2,00,000 यूनिट्स की है. इसका मतलब है कि हर दिन औसतन 550 क्रेटा बिक रही हैं, यानी लगभग हर घंटे 23 यूनिट्स. इसके साथ ही, यह एसयूवी 34 पर्सेंट से ज्यादा मार्केट शेयर के साथ 2020 से 2025 तक भारत की सबसे ज्यादा बिकने वाली एसयूवी बनी हुई है.

लॉन्च के 10 साल
लॉन्च के दस साल पूरे होने का जश्न मनाते हुए, क्रेटा ने 2016 से 2025 के बीच 9 प्रतिशत से ज्यादा कंपाउंड एनुअल ग्रोथ रेट (CAGR) दर्ज की है, जबकि इस दौरान कई नई कंपनियों ने भी बाजार में एंट्री की. इसमें मारुति सुजुकी विक्टोरिस, किया सेल्टोस, मारुति सुजुकी ग्रैंड विटारा, टोयोटा अर्बन क्रूजर, स्कोडा कुशाक और अन्य मॉडल शामिल हैं. आने वाले समय में रेनो डस्टर जैसी गाड़ियों के लॉन्च के साथ कॉम्पटिशन और भी कड़ा होने वाला है.

ग्राहकों की बदलती पसंद
दक्षिण कोरियाई ऑटोमेकर द्वारा जारी जानकारी के मुताबिक, ग्राहकों की पसंद में बदलाव आया है. 2020 में जहां पहली बार कार खरीदने वालों की संख्या 13 प्रतिशत थी, वहीं 2025 में यह बढ़कर 32 प्रतिशत हो गई है. वहीं, सनरूफ वाले वेरिएंट्स की बिक्री कुल बिक्री का 70 प्रतिशत से ज्यादा है. डीजल पावरट्रेन का योगदान 44 प्रतिशत रहा.

सबसे बड़ी एनुअल सेल
इस उपलब्धि पर टिप्पणी करते हुए, HMIL के मैनेजिंग डायरेक्टर और सीईओ डेजिग्नेट तरुण गर्ग ने कहा, “भारत में हुंडई क्रेटा की यात्रा असाधारण रही है और 2 लाख से ज्यादा यूनिट्स की अब तक की सबसे ज्यादा वार्षिक बिक्री हासिल करना हम सभी के लिए गर्व और पहचान का क्षण है.” उन्होंने क्रेटा को “हर सफर का भरोसेमंद साथी” बताते हुए इसकी सफलता का श्रेय ग्राहकों और डीलर्स को दिया.

क्यों पॉपुलर है क्रेटा?
क्रेटा की लोकप्रियता का एक बड़ा कारण इसके कई विकल्प हैं. ग्राहक अलग-अलग इंजन ऑप्शन, ट्रांसमिशन टाइप और यहां तक कि इलेक्ट्रिक मॉडल भी चुन सकते हैं. यह फ्लेक्सिबिलिटी खरीदारों को अपनी जरूरत के हिसाब से गाड़ी चुनने का मौका देती है, न कि अपनी जरूरतों को गाड़ी के हिसाब से बदलने का.

इंजन, परफॉर्मेंस, रेंज
क्रेटा तीन इंजन विकल्पों के साथ आती है: नैचुरली एस्पिरेटेड पेट्रोल, टर्बो पेट्रोल और डीजल. नैचुरली एस्पिरेटेड पेट्रोल और डीजल इंजन के साथ 6-स्पीड मैन्युअल ट्रांसमिशन स्टैंडर्ड है. ऑटोमैटिक चाहने वालों के लिए पेट्रोल इंजन में IVT और डीजल में टॉर्क कन्वर्टर ऑटोमैटिक का विकल्प है. वहीं, टर्बो पेट्रोल इंजन सिर्फ ड्यूल-क्लच ऑटोमैटिक ट्रांसमिशन के साथ उपलब्ध है. क्रेटा इलेक्ट्रिक दो बैटरी पैक विकल्पों के साथ आती है: 42 kWh और 51.4 kWh, जिनकी दावा की गई रेंज क्रमशः 420 किमी और 510 किमी है.



Source link