साल 2025 की आखिरी रात बैतूल जिले में खुशी और खौफ दोनों के बीच बीती। शहर और जिले के अलग-अलग इलाकों में लोग नए साल का स्वागत कर रहे थे, वहीं कुछ जगहों पर सड़क हादसे, चाकूबाजी और शराब के नशे में हुड़दंग जैसी घटनाओं ने माहौल बिगाड़ दिया।
.
शहर के भारत भारती क्षेत्र में देर रात चाकूबाजी की घटना हुई। नशे में धुत एक युवक ने दूसरे युवक का गला काट दिया। घायल युवक का नाम फिलहाल स्पष्ट नहीं हो सका है। यह घटना वीवीएम कॉलेज के पास हुई। आरोपी मौके से फरार हो गया है और उसकी तलाश में पुलिस जुटी हुई है।
सड़क हादसे में युवक की मौत, आरोपी ड्राइवर फरार
इसी रात सोना घाटी क्षेत्र में अज्ञात वाहन की टक्कर से एक युवक की मौत हो गई। मृतक की पहचान अमित विश्वकर्मा (27) निवासी पाथाखेड़ा के रूप में हुई है। अमित कुछ समय से भारत भारती परिसर में रहकर पेटी बनाने का काम करता था। हादसे के बाद आरोपी वाहन चालक मौके से फरार हो गया।
सड़क हादसे में युवक की मौत हो गई।
शराब के नशे में हुड़दंग, एक युवक गिरफ्तार
शहर के सदर क्षेत्र में शराब के नशे में हुड़दंग मचाने की घटनाएं भी सामने आईं। पुलिस ने शुभम नामक युवक को सड़क से उठाया, जो शराब के नशे में झगड़ा कर रहा था। शुभम ने आरोप लगाया कि कुछ युवकों ने उसकी पिटाई की, जबकि मौके पर मौजूद अन्य लोगों ने बताया कि वही नशे में झगड़ा कर रहा था। पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर मेडिकल परीक्षण कराया।
पुलिस की सख्त चेकिंग और नाकेबंदी
नववर्ष की पूर्व संध्या पर पुलिस अधीक्षक वीरेंद्र जैन के निर्देशन में शहर भर में कड़ी नाकेबंदी और चेकिंग अभियान चलाया गया। यातायात पुलिस और थाना स्टाफ ने प्रमुख स्थानों पर ‘ड्रंक एंड ड्राइव’ जांच की और रेस ड्राइविंग करने वालों को रोका। शहर के प्रमुख चौराहों पर रातभर पुलिस की मौजूदगी रही, जिससे बड़े हादसों को टाला जा सका।

पुलिस ने न्यू ईयर को लेकर चेकिंग अभियान चलाया।
खुशी और खौफ के बीच नए साल का स्वागत
शहर के कई इलाकों में लोग आतिशबाजी और जश्न के साथ 2026 का स्वागत कर रहे थे। वहीं, सड़क हादसे, चाकूबाजी और शराबी युवकों के झगड़ों जैसी घटनाओं ने नए साल की शुरुआत को गमगीन भी बना दिया। पुलिस ने देर रात तक गश्त जारी रखी और लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की।