नववर्ष 2026 के पहले दिन भोपाल-विदिशा मार्ग पर स्थित श्री दादा जी सिद्ध मनोकामना पूर्ण हनुमान मंदिर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। यह मंदिर आमतौर पर गुरुवार को शांत रहता है, लेकिन नए साल की शुरुआत में यहां भक्तों की संख्या में उल्लेखनीय वृद्धि दर
.
सुबह से ही भक्त मंदिर पहुंचने लगे थे। परिवारों के साथ आए श्रद्धालुओं ने भगवान गणेश और बजरंगबली के दर्शन कर नववर्ष के लिए सुख-समृद्धि और उत्तम स्वास्थ्य की कामना की। मंदिर परिसर में जयकारों के बीच दर्शन-पूजन का क्रम पूरे दिन जारी रहा।
नववर्ष के अवसर पर मंदिर को विशेष रूप से सजाया गया था। फूलों, रंग-बिरंगे गुब्बारों और आकर्षक रोशनी से पूरा परिसर सुसज्जित था। शाम होते ही रोशनी में नहाया मंदिर दूर से ही श्रद्धालुओं को आकर्षित कर रहा था। मंदिर समिति ने साफ-सफाई और दर्शन व्यवस्था के लिए अतिरिक्त इंतजाम किए थे।
नववर्ष के कारण भीड़ रही मंदिर के सेवक अजीत सिंह राजपूत ने बताया कि सामान्य दिनों में गुरुवार को सीमित संख्या में श्रद्धालु आते हैं, लेकिन नववर्ष के कारण आज भीड़ अधिक रही। उन्होंने यह भी कहा कि श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए समिति की ओर से विशेष व्यवस्थाएं की गई थीं। मंदिर के आसपास भी दिनभर चहल-पहल बनी रही। फूल-माला और प्रसाद सामग्री की दुकानों पर ग्राहकों की आवाजाही सामान्य से अधिक थी।
प्रसाद विक्रेता मोहिनी सेन ने बताया कि नए साल के कारण आज भक्तों की संख्या ज्यादा रही, जिससे बिक्री भी बढ़ी। भोपाल-विदिशा मुख्य मार्ग पर स्थित मंदिर में बढ़ी भीड़ को देखते हुए पुलिस बल भी तैनात किया गया था। पुलिसकर्मी ओम प्रकाश यादव ने बताया कि नववर्ष पर श्रद्धालुओं की संख्या बढ़ने के कारण सुरक्षा और यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए ड्यूटी लगाई गई है।