कटनी में बच्ची समेत 4 लोगों की मौत: पिकअप ने बाइक सवारों को रौंदा, सभी मृतक पन्ना जिले के – Katni News

कटनी में बच्ची समेत 4 लोगों की मौत:  पिकअप ने बाइक सवारों को रौंदा, सभी मृतक पन्ना जिले के – Katni News


कटनी-दमोह मार्ग पर गुरुवार देर शाम सड़क हादसे में ढाई साल की बच्ची समेत 4 लोगों की मौत हो गई। यह दुर्घटना रीठी थाना क्षेत्र की सलैया चौकी अंतर्गत हीरापुर और बड़गांव के बीच गुरुवार रात करीब 9 बजे हुई।

.

दमोह से कटनी की ओर टमाटर लेकर आ रहे एक पिकअप वाहन ने बाइक सवारों को टक्कर मार दी।

मृतकों में पन्ना के रहवासी

दुर्घटना में तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक गंभीर घायल ने रीठी अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। मृतकों में अनु बसोर (32 वर्ष), उनकी ढाई वर्षीय बेटी कुमारी भारती बसोर, विनोद बसोर (30 वर्ष) और प्रेमलाल बसोर (32 वर्ष) शामिल हैं।

ये सभी पन्ना जिले के रैपुरा थाना अंतर्गत ग्राम बगवार के निवासी थे और कटनी के ग्राम बरजि से अपने घर लौट रहे थे।

पिकअप चालक मौके से फरार

रीठी थाना प्रभारी मो. शाहिद ने बताया कि बाइक पर तीन वयस्क सवार थे और उनके साथ आगे ढाई साल की बालिका बैठी थी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दो युवकों और बालिका की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद पिकअप चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया।

सूचना मिलने पर सलैया चौकी प्रभारी विनोद पांडेय पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। गंभीर रूप से घायल एक युवक को तत्काल एम्बुलेंस से रीठी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया, लेकिन उसने भी कुछ देर बाद दम तोड़ दिया।

पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए रीठी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेज दिया है। दुर्घटना में जान गंवाने वाले सभी लोग मजदूरी कर अपना जीवन यापन करते थे।



Source link