South Africa Squad T20 World Cup 2026: इस साल फरवरी-मार्च में होने वाले आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप 2026 के लिए साउथ अफ्रीका टीम का ऐलान हो चुका है. शुक्रवार को दक्षिण क्रिकेट बोर्ड ने मेगा इवेंट के लिए 15 सदस्यीय स्क्वॉड की घोषणा की. टीम की कमान अनुभवी खिलाड़ी एडन मार्करम संभालेंगे, वहीं लंबे समय से चोट के कारण बाहर चल रहे स्टार तेज गेंदबाज कगिसो रबाडा भी एक्शन में लौटने के लिए तैयार हैं. पिछली बार जब 2024 में टी20 वर्ल्ड कप का आयोजन हुआ था, तब बारबाडोस में खेले गए फाइनल में साउथ अफ्रीका को भारत के खिलाफ हार का सामना करना पड़ा था.
एडन मार्करम की टीम जीती हुई बाजी हार गई थी. अब दो साल बाद उस दर्द को भुलाकर प्रोटियाज एक बार फिर टी20 वर्ल्ड कप में हुंकार भरने को तैयार है. हालांकि, दिलचस्प बात ये है कि पिछले T20 विश्व कप की तुलना में टीम में थोक में बदलाव हुए हैं. हैरान करने वाली बात ये है कि इस स्क्वॉड में 7 ऐसे खिलाड़ी हैं, जिन्होंने पहले कभी टी20 वर्ल्ड कप में हिस्सा नहीं लिया है.
7 नए खिलाड़ियों की एंट्री
युवा तेज गेंदबाज माफाका और उभरते हुए ऑलराउंडर कॉर्बिन बॉश उन 7 खिलाड़ियों में शामिल हैं जो पहली बार विश्व कप में हिस्सा लेंगे. इनके अलावा डेवाल्ड ब्रेविस, टोनी डी जॉर्जी, जेसन स्मिथ, जॉर्ज लिंडे और डोनोवन फेरेरा के पास T20 विश्व कप में खेलने का अनुभव नहीं है, लेकिन ये सभी खिलाड़ी पिछले एक साल से लगातार साउथ अफ्रीकी टीम का हिस्सा रहे हैं.
इस बार फाइनल हर्डल पार कर पाएगा साउथ अफ्रीका?
साउथ अफ्रीका की कप्तानी नियमित टी20 कप्तान एडन मार्करम करेंगे और टीम में 2024 टी20 विश्व कप के फाइनल में पहुंचने वाली टीम के केवल 7 खिलाड़ी ही शामिल होंगे. क्विंटन डी कॉक अक्टूबर में दक्षिण अफ्रीका के लिए खेलने के बाद शीर्ष क्रम में वापसी कर रहे हैं, जबकि डेविड मिलर, केशव महाराज, जैनसन, रबाडा और एनरिक नॉर्खिया सभी उस प्लेइंग इलेवन में थे जो जून 2024 में बारबाडोस में भारत से हार गई थी.
टीम में शामिल न होने वाले खिलाड़ियों में हेनरिक क्लासेन जो अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास ले चुके हैं, जबकि रीजा हेंड्रिक्स, रयान रिकेल्टन, ट्रिस्टन स्टब्स, ओटनेल बार्टमैन, गेराल्ड कोट्ज़ी, ब्योर्न फोर्टुइन और तबरेज शम्सी को जगह नहीं मिली है.
साउथ अफ्रीकी टीम की ताकत क्या है?
टी20 वर्ल्ड कप 2026 के लिए चुनी गई टीम में भले ही 7 ऐसे खिलाड़ी हैं, जिन्हें मेगा इवेंट में खेलने का अनुभव नहीं है, लेकिन ये सभी खिलाड़ी पिछले कुछ समय से शानदार प्रदर्शन कर रहे हैं. ये कहना गलत नहीं होगा कि एडन मार्करम की अगुवाई वाली इस टीम को हराना आसान नहीं होगा, क्योंकि इस टीम में आक्रामक बल्लेबाजों की फौज है, साथ ही ऐसे ऑलराउंडर मौजूद हैं जो गेंद और बल्ले से मैच का रुख बदल सकते हैं. वहीं तेज गेंदबाजी में कगिसो रबाडा, एनरिक नॉर्खिया और मार्को यानसेन की तिकड़ी किसी विरोधी टीम के बल्लेबाजों के नाक में दम कर सकती है. हालांकि, भारत और श्रीलंका में स्पिनरों का अहम रोल रहेगा और इस डिपार्टमेंट में साउथ अफ्रीकी टीम थोड़ी कमजोर जरूर है.
T20 वर्ल्ड कप 2026 के लिए साउथ अफ्रीका टीम
एडेन मार्करम (कप्तान), कॉर्बिन बॉश, डेवाल्ड ब्रेविस, क्विंटन डी कॉक (विकेटकीपर), टोनी डी जॉर्जी, डोनोवन फरेरा, मार्को यानसेन, जॉर्ज लिंडे, केशव महाराज, क्वेना मफाका, डेविड मिलर, लुंगी एनगिडी, एनरिक नॉर्खिया, कगिसो रबाडा, जेसन स्मिथ
ये भी पढ़ें: IPl 2026 से पहले गुजरात को करारा झटका, KKR का स्टार खिलाड़ी बुरी तरह चोटिल, जानें पूरा मामला