विदिशा में मौसम ने ली करवट, बढ़ी ठंड: बादलों और सर्द हवाओं से ठिठुरन, किसानों को मावठे की उम्मीद – Vidisha News

विदिशा में मौसम ने ली करवट, बढ़ी ठंड:  बादलों और सर्द हवाओं से ठिठुरन, किसानों को मावठे की उम्मीद – Vidisha News


विदिशा जिले में मौसम ने फिर करवट ली है। सुबह से आसमान में बादल छाए हुए हैं और ठंडी हवाएं चल रही हैं, जिससे ठिठुरन बढ़ गई है। शुक्रवार शाम से हवा की रफ्तार बढ़ने के कारण ठंडक महसूस की जा रही है। धूप न निकलने से लोग गर्म कपड़ों में लिपटे दिखे।

.

शुक्रवार को अधिकतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 8.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग के अनुसार, शनिवार को दिन का तापमान लगभग 22 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।

इससे पहले, दिन और रात के तापमान में वृद्धि दर्ज की गई थी। दिन का तापमान 27.5 डिग्री और रात का तापमान 10.5 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया था, जिससे ठंड से राहत की उम्मीद जगी थी। हालांकि, शुक्रवार दोपहर बाद हवा की गति 11 किलोमीटर प्रति घंटे से अधिक होने के कारण शीतलहर जैसे हालात बन गए।

मौसम विज्ञानी सतेंद्र सिंह तोमर ने बताया कि अगले पांच दिनों तक मौसम में उतार-चढ़ाव बना रहेगा। बादलों के कारण रात के तापमान में वृद्धि और दिन के तापमान में गिरावट आ सकती है। उन्होंने किसानों को सतर्क रहने की सलाह दी। तोमर के अनुसार, बादलों से फसलों में कीट लगने की संभावना बढ़ जाती है, इसलिए नियमित सिंचाई और कीट दिखने पर कीटनाशक का छिड़काव आवश्यक है।

विदिशा के ग्रामीण इलाकों में भी पिछले दो दिनों से मौसम बदला है। बादलों और सर्द हवाओं के कारण किसानों को मावठे (शीतकालीन वर्षा) की उम्मीद है। किसानों का मानना है कि मावठा गिरने से फसलों को बड़ा लाभ होगा, यूरिया छिड़काव से राहत मिलेगी और एक सिंचाई की बचत होगी। इस वर्ष कम बारिश के कारण सिंचाई की चिंता पहले से ही बनी हुई है, ऐसे में मावठा फसलों के लिए संजीवनी साबित हो सकता है।



Source link