छिंदवाड़ा के चौरा पठार तामिया और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में एक बार फिर तेंदुए का विचरण सामने आया है। शुक्रवार रात वन्यजीव तेंदुए ने 5 बकरियों का शिकार कर लिया, जिससे क्षेत्र में दहशत का माहौल है। घटना के बाद वन विभाग ने ग्रामीणों को सतर्क रहने की
.
वन परिक्षेत्र अधिकारी तामिया के अनुसार, तेंदुए की गतिविधियां लगातार ट्रैक की जा रही हैं। ग्रामीणों से कहा गया है कि वन क्षेत्र की ओर अनावश्यक आवाजाही न करें, बच्चों को अकेले बाहर न जाने दें और रात्रि व भोर के समय विशेष सावधानी बरतें। छोटे बच्चों और मवेशियों को सुरक्षित रूप से घर में ही रखें।
पहले भी मिल चुके हैं तेंदुए के मूवमेंट यह पहली बार नहीं है जब तामिया क्षेत्र में तेंदुए की मौजूदगी सामने आई हो। इससे पहले भी बीते वर्षों में चौरा पठार, आसपास के जंगलों और सीमावर्ती गांवों में तेंदुए के दिखने और मवेशियों पर हमले की घटनाएं दर्ज की जा चुकी हैं। तब भी वन विभाग द्वारा ग्रामीणों को सतर्क रहने, रात्रिकालीन गश्त बढ़ाने और सूचना तंत्र मजबूत करने के निर्देश जारी किए गए थे।
वन विभाग का कहना है कि जंगल से सटे गांवों में भोजन और पानी की तलाश में वन्यजीवों का रिहायशी क्षेत्रों की ओर आना कोई नई बात नहीं है, लेकिन लापरवाही जानलेवा साबित हो सकती है।
यदि किसी भी ग्रामवासी को तेंदुआ दिखाई देता है तो तत्काल वन विभाग को फोन नंबर 9691289415 पर सूचना दें। वन विभाग ने स्पष्ट किया है कि स्थिति पर नजर रखी जा रही है और आवश्यकता पड़ने पर अतिरिक्त सुरक्षा एवं निगरानी के इंतजाम किए जाएंगे।