बालाघाट के ग्रामीण थाना क्षेत्र स्थित गोंगलई में 1 जनवरी की देर शाम हुई डेढ़ लाख रुपए की चोरी के मामले को पुलिस ने सुलझा लिया है। ग्रामीण पुलिस ने इस मामले में एक नाबालिग आरोपी को हिरासत में लिया है, जो फरियादी जितेंद्र उर्फ पिंटू बसेने का परिचित भती
.
पुलिस ने आरोपी के पैसे खर्च करने से पहले ही चोरी की गई शत-प्रतिशत राशि बरामद कर ली है।
पुलिस के अनुसार, नाबालिग आरोपी पिछले कुछ दिनों से लगातार जितेंद्र के घर आ रहा था। 1 जनवरी को जब पूरा परिवार चुनरी यात्रा पर गया था, तब उसने सूने घर का फायदा उठाकर चोरी की। उसने बेहद शातिराना तरीका अपनाते हुए टीन की पेटी में रखे कुल साढ़े पांच लाख रुपए में से केवल डेढ़ लाख रुपए ही चुराए।
उसने अलग-अलग गड्डियों से पांच-पांच सौ के नोट निकाले ताकि परिवार को तुरंत चोरी का आभास न हो सके। शाम को जब परिजन ने पेटी खोली और नोट गिने, तब उन्हें राशि कम होने का पता चला।
पुलिस ने हिरासत में लेकर की पूछताछ
ग्रामीण थाना प्रभारी अमित अग्रवाल ने बताया कि गड्डियों से पैसे निकालने का यह तरीका नया था। सीसीटीवी फुटेज खंगाले और हाल ही में जेल से छूटे बदमाशों से पूछताछ की। साथ ही जितेंद्र के करीबियों पर भी नजर रखी गई। संदेह के आधार पर जब नाबालिग भतीजे से पूछताछ की गई, तो उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया।
आरोपी के नाबालिग होने के कारण उसे विधि अनुसार किशोर न्याय बोर्ड, बालाघाट के समक्ष पेश किया गया है।