इंदौर में दूषित पानी से मौतें: कांग्रेस का प्रदर्शन: उज्जैन में घंटा बजाकर विरोध जताया, मंत्री विजयवर्गीय के इस्तीफे की मांग – Ujjain News

इंदौर में दूषित पानी से मौतें: कांग्रेस का प्रदर्शन:  उज्जैन में घंटा बजाकर विरोध जताया, मंत्री विजयवर्गीय के इस्तीफे की मांग – Ujjain News


उज्जैन में कांग्रेस ने इंदौर में दूषित पानी से हुई मौतों के विरोध में प्रदर्शन किया। शहर एवं जिला कांग्रेस कमेटी के नेतृत्व में यह प्रदर्शन मुख्यमंत्री निवास के पास किया गया, जहां कार्यकर्ताओं ने घंटा बजाकर अपना विरोध दर्ज कराया।

.

यह प्रदर्शन इंदौर में दूषित पानी पीने से 16 लोगों की मौत और सैकड़ों के बीमार होने की घटना के बाद आयोजित किया गया। इसमें शहर और जिले के सभी कांग्रेसजन, ए-ब्लॉक अध्यक्ष, युवक कांग्रेस, सेवादल, आईटी सेल, अल्पसंख्यक कांग्रेस सहित सभी प्रकोष्ठों के पदाधिकारी और निर्वाचित जनप्रतिनिधि शामिल हुए।

प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं ने कहा कि इंदौर की घटना ने प्रदेश की जल आपूर्ति व्यवस्था की खामियों को उजागर किया है। विधायक महेश परमार ने चेतावनी दी कि उज्जैन की स्थिति भी इंदौर से अलग नहीं है और यदि सरकार ने समय रहते ध्यान नहीं दिया, तो उज्जैन में भी ऐसी घटना हो सकती है। उन्होंने उज्जैन में भाजपा की ‘ट्रिपल इंजन’ सरकार (विधायक, सांसद और महापौर) होने के बावजूद स्वच्छ पेयजल न मिलने पर चिंता व्यक्त की।

शहर कांग्रेस अध्यक्ष ने बताया कि कांग्रेस कार्यकर्ता मुख्यमंत्री निवास का घेराव करने आए थे, लेकिन प्रशासन ने उन्हें आगे बढ़ने से रोक दिया। इसके बाद कांग्रेसियों ने गांधीवादी तरीके से सड़क पर बैठकर धरना दिया और शांतिपूर्ण ढंग से अपना विरोध दर्ज कराया।

विधायक दिनेश जैन ‘बॉस’ ने कहा कि इंदौर जैसे स्वच्छता में अग्रणी शहर में दूषित पानी से मौतें सरकार की गंभीर विफलता है। उन्होंने इस मामले में नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए वरिष्ठ भाजपा नेता कैलाश विजयवर्गीय से इस्तीफे की मांग की।

कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने छीर सागर से देवास रोड होते हुए रैली के रूप में मुख्यमंत्री निवास की ओर कूच किया। हालांकि, पुलिस ने बैरिकेडिंग लगाकर उन्हें पहले ही रोक लिया। इसके बाद कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी की और घंटा बजाया। नेताओं ने सड़क पर बैठकर संबोधन दिया और अंत में इंदौर की घटना में मृतकों को मौन रखकर श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए प्रदर्शन समाप्त किया।



Source link