अनूपपुर जिले के भालूमाड़ा थाना इलाके में एक महिला के साथ साइबर ठगी हुई है। अज्ञात व्यक्ति ने खुद को बैंक का कर्मचारी बताया और केवाईसी अपडेट कराने का झांसा देकर महिला से 2.53 लाख रुपए ले लिए।
.
महिला से ओटीपी मांगकर की ठगी
थाना प्रभारी विपुल शुक्ला ने बताया कि यह घटना 1 जनवरी को दोपहर 1 से 2 बजे के बीच हुई। कॉल करने वाले ने महिला को फोन कर ओटीपी और एटीएम पिन मांग ली। उसने बताया कि महिला के खाते से पहले कटे पैसे वापस किए जा रहे हैं। इस झांसे में महिला ने फोन-पे के जरिए कुल 2,53,647 रुपए अलग-अलग खातों में ट्रांसफर कर दिए।
पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ दर्ज किया मामला
पैसे कटने की सूचना मिलने पर महिला ने तुरंत 1930 पर शिकायत की और भालूमाड़ा थाने में भी रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और अज्ञात आरोपी की तलाश कर रही है।
पुलिस ने लोगों से कहा है कि किसी को भी ओटीपी या एटीएम पिन न बताएं और अनजान कॉल या बैंक के नाम पर फोन आने पर सतर्क रहें।