रायसेन21 घंटे पहले
- कॉपी लिंक
शहर के एक मात्र शासकीय कन्या कालेज में पढ़ने वाली छात्राओं को बेहतर शिक्षा उपलब्ध कराने के लिए विश्व बैंक के सहयोग से 92.87 लाख रु. की राशि मिली है। इस राशि से कालेज में सर्व सुविधा युक्त कंप्यूटर लैब और होम साइंस की लैब बनेगी। कालेज में दो अतिरिक्त कक्षों का भी निर्माण होगा। यह राशि मंजूर होने के साथ ही कालेज में निर्माण कार्य भी प्रारंभ हो गया। शहर में 30 साल पहले छात्राओं के लिए कन्या कालेज प्रारंभ हुआ था। लंबे समय तक यह कालेज किराए के भवन में लगता रहा। छह साल पहले इस कालेज को अपना स्वयं का भवन मिल गया है। इस कालेज में वर्तमान में 296 छात्राएं पढ़ाई कर रही है। इन छात्राओं को बेहतर शिक्षा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से शासन द्वारा विश्व बैंक के सहयोग से होम साइंस लैब, कंप्यूटर लैब और दो अतिरिक्त कक्ष के लिए राशि मंजूर की गई है। काॅलेज में बीए कंप्यूटर एप्लिकेशन विषय लेने वाली छात्राओं को कंप्यूटर लैब के अभाव में तकनीकी ज्ञान से वंचित होना पड़ रहा था।
अब व्यंजन बनाने में निपुण होंगी छात्राएं
सरकारी कन्या कालेज में छात्राओं को व्यंजन बनाने में निपुण बनाने के लिए होम साइंस की लैब भी बनाई जा रही है । इस लैब में टीचर द्वारा छात्राओं को व्यंजन बनाने की कला प्रैक्टिकल करके सिखाई जाएगी।
लैब बनने से छात्राओं को मिलेगा तकनीकी ज्ञान
^विश्व बैंक के सहयोग से कंप्यूटर लैब, होम साइंस लैब और दो अतिरिक्त कक्ष निर्माण के लिए 92.87 लाख की राशि मंजूर हुई है । इस राशि से कालेज में दिव्यांगाें के आने जाने के लिए स्लैब का निर्माण भी कराया जाएगा । यह दोनों लैब बनने के बाद छात्राओं तकनीकी ज्ञान भी मिलना प्रारंभ हो जाएगा।
डॉ. विनोद सेंगर, प्रभारी प्राचार्य।