AUS vs ENG 2025-26: क्रिकेट का कोई भी फॉर्मेट हो, मैच जीतने के लिए शुरुआत अच्छी होना जरूरी है. अच्छी शुरुआत के लिए ओपनिंग जोड़ी का चलना जरूरी होता है. जब किसी भी टीम की ओपनिंग जोड़ी फ्लॉप होती है, तो पूरी टीम पर प्रेशर बढ़ता है और नतीजा ये होता है कि उसे अधिकतर हार झेलनी पड़ती है. एशेज सीरीज 2025-26 में ऐसा ही कुछ इंग्लैंड क्रिकेट टीम के साथ हुआ है. टीम के दोनों ओपनर पूरी सीरीज में रनों के लिए तरसते रहे और नतीजा ये हुआ कि इंग्लैंड पहले तीनों टेस्ट हारा. आखिरी टेस्ट में भी ओपनिंग जोड़ी फ्लॉप रही. पहली पारी में जैक क्राउली 16 जबकि बेन डकेट 27 रन बनाकर आउट हुए थे. दूसरी पारी में क्राउली सिर्फ 1 रन बनाकर चलते बने. उनके आउट होते ही इस जोड़ी के नाम एक शर्मनाक रिकॉर्ड दर्ज हो गया.
दरअसल, जैक क्राउली और बेन डकेट की जोड़ी से इंग्लैंड जिस मजबूत शुरुआत की उम्मीद थी, वह पूरी सीरीज में नहीं मिली. ये कहना गलत नहीं होगा कि यह दौरा इंग्लैंड के ओपनर्स के लिए किसी बुरे सपने से कम नहीं रहा. दोनों ने मिलकर एक शर्मनाक लिस्ट में जगह बनाई और 41 साल पुराना रिकॉर्ड टूट गया.
19.1 के औसत से बना शर्मनाक रिकॉर्ड
एशेज 2025-26 के 5 टेस्ट मैचों में जैक क्राउली और बेन डकेट ने 10 पारियों में इंग्लैंड के लिए ओपनिंग की और सिर्फ 191 रन बनाए. उनका औसत महज 19.1 का रहा, जो टेस्ट क्रिकेट के इतिहास में किसी एक सीरीज में कम से कम 10 पारियां खेलने वाली ओपनिंग जोड़ियों में दूसरा सबसे खराब औसत है. साल 1984 के बाद टेस्ट में यह नजारा देखने को मिला है जब किसी ओपनिंग जोड़ी का औसत इतना खराब रहा हो. इससे पहले साल 1983-84 में सुनील गावस्कर और अंशुमन गायकवाड ने वेस्टइंडीज के दौरे पर 21.4 के औसत से रन बनाए थे. अब ये शर्मनाक रिकॉर्ड टूट गया और क्राउली-डकेट की जोड़ी 19.1 के खराब औसत के साथ दूसरे नंबर पर काबिज हो गई है.
एक टेस्ट सीरीज में सबसे कम ओपनिंग साझेदारी का औसत (कम से कम 10 पारियां)
- जॉन डायसन और ग्रेमी वुड (ऑस्ट्रेलिया)- 18.6 का औसत (एशेज 1981)
- जैक क्राउली और बेन डकेट (इंग्लैंड)- 19.1 का औसत (एशेज 2025-26)
- सुनील गावस्कर और अंशुमन गायकवाड (भारत)- 21.4 का औसत (बनाम वेस्टइंडीज, 1983-84)
- ट्रेवर गोबार्ड और जैकी मैक्ग्लू (साउथ अफ्रीका)– 23.44 का औसत (बनाम इंग्लैंड, 1960)
- माइकल एथर्टन और मार्कस ट्रेस्कोथिक (इंग्लैंड)– 23.7 का औसत (एशेज 2001)
क्राउली और डकेट ने कितने रन बनाए?
एशेज सीरीज 2025-26 में बेन डकेट और जैक क्राउली की जोड़ी सिर्फ एक दफा 50 रनों की साझेदारी कर सकी. जैक क्राउली ने 27.3 के औसत से 10 पारियों में सिर्फ 273 रन बनाए, जबकि बेन डकेट भी 10 पारियों में करीब 20 के औसत से सिर्फ 202 रन ही बना सके. ये आंकड़े बताते हैं कि दोनों ओपनर का बल्ला पूरी सीरीज में शांत रहा. यही वजह है कि यह जोड़ी एशेज 2025-26 को कभी याद नहीं करना चाहेगी. दोनों बल्लेबाजों के लिए यह सीरीज एक डरावने सपने से कम नहीं रही.
ये भी पढ़ें: 25 साल से अमर है Adam Gilchrist का ये धांसू रिकॉर्ड, 2 बार बेहद करीब आकर फेल हो गए ट्रेविस हेड, वरना रच देते इतिहास