Jacob Bethell Maiden Test Hundred: इंग्लैंड के युवा बल्लेबाज जेकब बेथेल ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ सिडनी टेस्ट में ऐसा कारनामा किया है, जिसे इंग्लिश क्रिकेट फैंस सालों तक याद रखेंगे. एशेज सीरीज के आखिरी मैच में 22 साल के बेथेल ने शानदार शतक जड़कर बता दिया कि यूं ही नहीं उन्हें लंबी रेस का घोड़ा कहा जाता है. अपने दूसरे एशेज मुकाबले में जेकब बेथेल ने ऐतिहासिक शतक जड़ा.
खास बात ये है कि ये जेकब बेथेल के फर्स्ट क्लास करियर का भी पहला शतक है. जैसे ही इंग्लैंड के युवा बल्लेबाज ने 100 का आंकड़ा छुआ, स्टेडियम में मौजूद उनके पिता इमोशन पर काबू नहीं कर सके और उनकी आंखों से खुशी के आंसू छलकने लगे. ये भावुक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है.
जेकब बेथेल ने सिडनी में रचा इतिहास
22 वर्षीय जेकब बेथेल एशेज सीरीज में अपने फर्स्ट क्लास करियर का पहला शतक जड़ने वाले 7वें और इंग्लैंड के दूसरे खिलाड़ी बने हैं. उनसे पहले जैक रसेल ने 1989 में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ ओल्ड ट्रैफर्ड में ये कारनामा किया था. इसके अलावा 144 सालों बाद ऐसा हुआ है जब किसी खिलाड़ी ने ऑस्ट्रेलिया की धरती पर एशेज के दौरान अपना पहला फर्स्ट क्लास शतक जड़ा है. दिलचस्प बात ये है कि इससे पहले भी ये कारनामा सिडनी में ही हुआ था, जब ऑस्ट्रेलिया के पूर्व बल्लेबाज पर्सी मैकडोनेल ने 1892 में इंग्लैंड के खिलाफ ये काम किया था.
— cricket.com.au (@cricketcomau) January 7, 2026
ऑस्ट्रेलिया से अकेले लड़ रहे जेकब बेथेल
जेकब बेथेल की ये पारी इसलिए भी खास है, क्योंकि महज 22 साल की उम्र में वो अकेले ऑस्ट्रेलियाई टीम से लड़ रहे हैं. जी हां, दूसरी पारी में इंग्लैंड का कोई बल्लेबाज कुछ खास प्रदर्शन नहीं कर सका. बेथेल अकेले डटे रहे और चौथे दिन का खेल खत्म होने तक 232 गेंदों का सामना करते हुए 142 रन बना लिए. हालांकि, इस अद्भुत पारी के बावजूद इंग्लैंड पर हार का डर सता रहा है. स्टंप्स तक उन्होंने 302 रन पर 8 विकेट गंवा दिए. उनके पास अभी 119 रनों की बढ़त है. कल इस टेस्ट का आखिरी दिन है और ऑस्ट्रेलियाई टीम जल्द से जल्द दो विकेट लेकर लक्ष्य को हासिल कर सीरीज पर 4-1 से कब्जा जमाना चाहेगी.
ये भी पढ़ें: देश से बढ़कर कुछ नहीं… कौन हैं एंकर रिद्धिमा पाठक? BPL से बांग्लादेश ने हटाया या खुद मारी लात, बताया सच