T20 World Cup 2026: भारत और श्रीलंका की मेजबानी में 7 फरवरी से टी20 वर्ल्ड कप खेला जाना है. इसके लिए सभी टीमें अपनी तैयारियों को अंतिम रूप दे रही हैं और कुछ ने तो स्क्वॉड का ऐलान भी कर दिया है. इसी बीच कुछ ऐसा हुआ है जिसने सबको हैरान कर दिया. भारत को 2024 टी20 वर्ल्ड कप में जीत दिलाने में अहम भूमिका निभाने वाले बैटिंग कोच विक्रम राठौर एक बार फिर टी20 वर्ल्ड कप में नजर आएंगे. हालांकि, इस बार वह टीम इंडिया के खेमे में नहीं होंगे.
श्रीलंका ने किया बड़ा बदलाव
टी20 वर्ल्ड कप 2026 में सह-मेजबान श्रीलंका ने टूर्नामेंट से पहले अपनी कोचिंग टीम में बड़ा बदलाव किया है. श्रीलंका ने भारतीय टीम के पूर्व बल्लेबाजी कोच विक्रम राठौर को अपना बल्लेबाजी कोच नियुक्त किया है. विक्रम को श्रीलंका क्रिकेट बोर्ड ने सिर्फ टी20 विश्व कप 2026 के लिए बल्लेबाजी कोच की जिम्मेदारी सौंपी है. उन्होंने लंबे समय तक भारतीय टीम के साथ बतौर बल्लेबाजी कोच काम किया है.
ये भी पढ़ें: नहीं थम रहा वैभव सूर्यवंशी का तूफान… वर्ल्ड कप से पहले 63 बॉल में ठोका शतक, चौके-छक्कों का मचाया बवंडर
5 साल तक टीम के साथ रहे विक्रम
भारतीय टीम ने रोहित शर्मा की कप्तानी में टी20 वर्ल्ड कप 2024 का खिताब जीता था. उस समय विक्रम भारतीय टीम के बल्लेबाजी कोच थे. वह 15 जनवरी तक श्रीलंकाई टीम से जुड़ सकते हैं. उन्होंने भारतीय पुरुष टीम के साथ पांच साल तक काम किया है. टी20 वर्ल्ड कप 2024 के बाद वह टीम से अलग हो गए थे. साल 2025 में राठौर राजस्थान रॉयल्स के बल्लेबाजी कोच रहे थे. वह पंजाब किंग्स की कोचिंग टीम का हिस्सा रह चुके हैं. 56 साल के राठौर ने 1996 से 1997 के बीच भारत के लिए छह टेस्ट और सात वनडे खेले थे.
ये भी पढ़ें: WPL में कौन है मुंबई इंडियंस की एक्स फैक्टर? 3 करोड़ में लगी थी बोली, पूर्व क्रिकेटर ने समझाया गणित
जयसूर्या के साथ काम करेंगे मलिंगा और विक्रम
टी20 वर्ल्ड कप 2026 के लिए श्रीलंका ने अपनी गेंदबाजी को मजबूत करने के लिए पूर्व तेज गेंदबाज लसिथ मलिंगा को तेज गेंदबाजी सलाहकार बनाया है. श्रीलंका क्रिकेट टीम के हेड कोच टीम के पूर्व कप्तान और अपने जमाने के विस्फोटक सलामी बल्लेबाजों में से एक रहे सनथ जयसूर्या हैं. मलिंगा और विक्रम के जुड़ने से श्रीलंका का कोचिंग स्टाफ काफी मजबूत हो चुका है. इसका परिणाम श्रीलंका के पक्ष में कितना रहता है, ये टूर्नामेंट के बाद ही पता चलेगा.