कलेक्टर की बात न मानने पर मैट्रन को नोटिस: ऋतुराज सिंह ने जिला अस्पताल निरीक्षण किया; बोले- खराब वेंटिलेटर ठीक कराए जाएं – Dewas News

कलेक्टर की बात न मानने पर मैट्रन को नोटिस:  ऋतुराज सिंह ने जिला अस्पताल निरीक्षण किया; बोले- खराब वेंटिलेटर ठीक कराए जाएं – Dewas News



देवास कलेक्टर ऋतुराज सिंह ने बुधवार देर शाम जिला अस्पताल का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने इमरजेंसी, मेटरनिटी वार्ड, एसएनसीयू और पार्किंग स्थल का जायजा लिया। कलेक्टर ने अस्पताल प्रबंधन को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।

.

निरीक्षण के दौरान कलेक्टर सिंह ने मेटरनिटी वार्ड में मरीजों से उपचार, सुविधाओं और समस्याओं के संबंध में चर्चा की। उन्होंने अस्पताल प्रबंधन को सुधार के निर्देश दिए। पूर्व में दिए गए निर्देशों के बावजूद ड्यूटी चार्ट न लगाने पर मैट्रन को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए गए।

कलेक्टर ने साफ-सफाई का सुपरविजन न करने पर आरएमओ को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। उन्होंने एसएनसीयू वार्ड का भी निरीक्षण किया और खराब वेंटिलेटर को तत्काल ठीक कराने के निर्देश दिए।

एम्बुलेंस सेवाओं को बेहतर बनाने और संचालन संबंधी समस्याओं के निराकरण के लिए भी कलेक्टर ने निर्देश दिए। उन्होंने एम्बुलेंस को पार्किंग स्थल के बजाय अस्पताल के सामने खड़ा करने तथा निजी और शासकीय एम्बुलेंस पर चालक का नाम और नंबर लिखने के निर्देश दिए।

कलेक्टर ने पुराने टीबी वार्ड और अन्य क्षतिग्रस्त इमारतों का पीडब्ल्यूडी के साथ निरीक्षण कर उन्हें डिस्मेंटल करने की कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने नर्सिंग हॉस्टल में खाने के टेंडर खुलवाने और गार्ड व्यवस्था के संबंध में भी आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान संयुक्त कलेक्टर अंशु जावला, तहसीलदार सपना शर्मा, स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी, डॉक्टर सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।



Source link