खरगोन में आयोजित संभागीय अंडर-18 लेदरबॉल क्रिकेट स्पर्धा 2026 का फाइनल खरगोन ने जीत लिया है। दो दिवसीय इस मुकाबले में खरगोन ने खंडवा को हराकर खिताब अपने नाम किया। खरगोन को पहली पारी में मिली बढ़त के आधार पर विजेता घोषित किया गया।
.
जिला क्रिकेट एसोसिएशन के सचिव मन्नू गोस्वामी ने बताया कि इस स्पर्धा में कुल 8 टीमों ने भाग लिया था। फाइनल मुकाबला दो दिवसीय टेस्ट मैच के प्रारूप में 90-90 ओवर का खेला गया। खरगोन ने पहले बल्लेबाजी करते हुए अपनी पहली पारी में 194 रन बनाए, जिसमें रुद्र सोलंकी और गौरव राठौर ने 46-46 रनों का योगदान दिया। खंडवा की ओर से यशवंत कास्डे ने 4 विकेट, जबकि कुश और जुनैद ने 2-2 विकेट लिए।
जवाब में, खंडवा की टीम अपनी पहली पारी में 154 रन ही बना सकी। जसपाल ने 33 रन, सार्थक ने 28 रन और कुश ने 9 रन का योगदान दिया। दूसरी पारी में खरगोन ने 198 रन बनाए। इसके बाद खंडवा ने अपनी दूसरी पारी में 2 विकेट के नुकसान पर 84 रन बनाए। पहली पारी की बढ़त के कारण खरगोन को विजेता घोषित किया गया।
खरगोन के राहुल यादव ने शानदार दोहरा प्रदर्शन किया। उन्होंने स्पर्धा में कुल 319 रन बनाए और 16 विकेट भी लिए। राहुल यादव को सर्वश्रेष्ठ बल्लेबाज के साथ-साथ फाइनल मुकाबले में ‘मैन ऑफ द मैच’ भी चुना गया। इंदौर डिवीजन के अंपायर योगेश घारपुरे और सुधांशु वर्मा थे, जबकि भावेश केलोनिया स्कोरर और विजय लांभाते ऑब्जर्वर की भूमिका में थे।
शाम 5:30 बजे स्टेडियम परिसर में आयोजित पुरस्कार वितरण समारोह में मुख्य अतिथि खरगोन विधायक बालकृष्ण पाटीदार ने दोनों टीमों का उत्साहवर्धन किया। उन्होंने कहा कि देश में ‘खेलो इंडिया’ के माध्यम से खेलों को बढ़ावा दिया जा रहा है। विधायक ने घोषणा की कि खरगोन में एक और स्टेडियम बनाया जाएगा और संभाग बनने पर खेल सुविधाओं में और वृद्धि होगी।
इस अवसर पर जिला क्रिकेट एसोसिएशन के अध्यक्ष मनोज रघुवंशी, सचिव मन्नू गोस्वामी, नितिन जैन सहित कई क्रिकेट प्रेमी और खेल प्रशंसक उपस्थित थे।
