Shai Hope 118 Runs: इंडियन प्रीमियर लीग 2026 की तैयारी पूरी है. मार्च-अप्रैल के महीने में 19वें सीजन की धूम होगी. इस बार मिनी ऑक्शन हुआ था, जिसमें कई खिलाड़ी अनसोल्ड रह गए थे. इन्हीं में से एक खिलाड़ी ने साउथ अफ्रीका की सरजमीं पर बल्ले से तबाही मचाई है. उसने अपने 200वें टी20 मैच में तूफानी शतक ठोका और ये बता दिया कि उसे नहीं खरीदकर टीमों ने गलती कर दी है. ये कोई और नहीं बल्कि वेस्टइंडीज के विकेटकीपर बैटर शाई होप हैं, जो इन दिनों साउथ अफ्रीका की टी20 लीग SA20 में प्रिटोरिया कैपिटल्स के लिए खेल रहे हैं.
7 जनवरी की रात शाई होप के बल्ले ने कहर मचाया. सीजन का चौथा मुकाबला किंग्समीड में प्रिटोरिया कैपिटल्स और डरबन सुपर जायंट्स के बीच हुआ, जिसमें होप ने ओपनिंग करते हुए 60 गेंदों पर अपना शतक पूरा किया. उन्होंने 69 बॉल पर 118 रनों की नाबाद पारी खेली. इस पारी के दम पर वो SA20 के इतिहास में में सबसे बड़ी पारी खेलने वाले बल्लेबाज बन गए हैं. पहले ये रिकॉर्ड काइल वेरेन के नाम पर था, जिन्होंने साल 2024 में प्रिटोरिया कैपिटल्स की ओर से खेलते हुए MI केप टाउन के खिलाफ 116 रनों की तूफानी पारी खेली थी.
(@CricCrazyJohns) January 7, 2026
मैच का लेखा-जोखा
शाई होप ने शुरुआत से ही गेंदबाजों के खिलाफ हल्ला बोला. उनकी शतकीय पारी के दम पर प्रिटोरिया कैपिटल्स ने 20 ओवर में 4 विकेट पर 201 रन का मजबूत स्कोर खड़ा किया था, जिसका पीछा करते हुए डरबन की टीम 188 रनों पर सिमट गई और 15 रन से मैच गंवा दिया. प्रिटोरिया के लिए शाई होप और कॉनर एस्टरह्यूजेन ने पहले विकेट के लिए 11 ओवरों में 101 रन जोड़कर टीम को शानदार शुरुआत दिलाई थी. एस्टरह्यूजेन 28 गेंदों में 37 रन बनाकर आउट हुए, लेकिन होप आखिर तक नाबाद रहे.
शाई होप ने उड़ाए 9 चौके और 9 छक्के
शाई होप ने अपने 200वें टी20 मुकाबले में शतक ठोका. उन्होंने 69 बॉल पर 9 चौके और 9 छक्कों की मदद से नाबाद 118 रन बनाए. स्ट्राइक रेट 171.04 का रहा. यह होप के टी20 करियर की चौथी सेंचुरी थी. वो अब तक 195 पारियों में 31.10 के औसत से 5350 रन बना चुके हैं. उनके नाम 402 चौके और 244 सिक्स भी दर्ज हैं.
ये भी पढ़ें: T20I में सबसे तेज 3000 रनों का वर्ल्ड रिकॉर्ड…ये पाकिस्तानी है नंबर 1, लिस्ट में टीम इंडिया के 2 दिग्गजों का जलवा