इंदौर में 11 जनवरी को कांग्रेस न्याय यात्रा निकालेगी। जिसकी तैयारी तेजी से शुरू कर दी है। कांग्रेस की न्याय यात्रा को लेकर बुधवार से ही बैठकों का दौर शुरू हो गया है। कांग्रेस कार्यालय में बैठकों का सिलसिला लगातार चल रहा है। न्याय यात्रा की तैयारियों
.
भागीरथपुरा मामले को लेकर कांग्रेस द्वारा 11 जनवरी को इंदौर में न्याय यात्रा निकालने की घोषणा की गई है। कांग्रेस की घोषणा के अनुसार इस दिन सुबह 10 बजे बड़ा गणपति चौराहा से राजबाड़ा तक पैदल न्याय यात्रा निकाली जाएगी। इस यात्रा के लिए कांग्रेस द्वारा हर विधानसभा क्षेत्र में बैठक का सिलसिला शुरू कर दिया गया है।
आज प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी द्वारा सांवेर और देपालपुर विधानसभा क्षेत्र में बैठक ली जाएगी। इसके साथ ही इस न्याय यात्रा में ज्यादा से ज्यादा नागरिकों को जमा करने के लिए कांग्रेस द्वारा कोशिश भी शुरू कर दी गई है। इस यात्रा की अनुमति प्राप्त करने के लिए कांग्रेस ने जिला प्रशासन और पुलिस के समक्ष आवेदन दे दिया है। अभी इस आवेदन के आधार पर कांग्रेस को न्याय यात्रा की अनुमति नहीं मिली है।
बैठक में कई मुद्दों पर चर्चा
बुधवार को कांग्रेस कार्यालय में बैठक के दौरान न्याय यात्रा के मार्ग, वाहनों की पार्किंग व्यवस्था, पोस्टर-बैनर लगाए जाने या नहीं लगाए जाने जैसे विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई। निर्णय लिया गया कि न्याय यात्रा बड़ा गणपति से राजबाड़ा तक निकाली जाएगी। इसके लिए कांग्रेसी कार्यकर्ता घर-घर पम्पलेट वितरित करेंगे। पम्पलेट में दूषित और जहरीले पानी के मुद्दे को लेकर सवाल उठाए गए हैं, जिनमें लिखा होगा-जहरीले पानी का जिम्मेदार कौन, जहरीले पानी का टैक्स क्यों दें, जहरीले पानी का बिल क्यों भरें, जल के लिए आए 585 करोड़ रुपए कहां गए, महापौर और मंत्री इस कांड की जिम्मेदारी लें और इस्तीफा दें।
विधानसभावार सौंपे गए दायित्व
बैठक में विधानसभावार प्रभारियों की भी घोषणा की गई। विधानसभा क्रमांक 1 की जिम्मेदारी दीपू यादव, 2 की राजू भदौरिया, 3 की पिंटू जोशी, 4 की शैलेष गर्ग एवं 5 की जिम्मेदारी अमन बजाज को सौंपी गई है। प्रभारी यात्रा में शामिल लोगों के लिए पीने के पानी, भोजन, पार्किंग और यातायात व्यवस्था की जिम्मेदारी अपने-अपने कार्यकर्ताओं को सौंपेंगे।
पहली बार वार्ड स्तर पर प्रभारी ले रहे बैठकें
शहर प्रभारी एवं विधानसभा प्रभारियों के साथ अब सभी वार्डों में भी बैठकें आज से की जाएंगी। कांग्रेस में पहली बार इस तरह की गतिविधियां देखने को मिल रही हैं, जहां प्रभारी स्वयं वार्ड स्तर पर जाकर बैठकें ले रहे हैं। प्रभारी रवि जोशी ने विधानसभा क्रमांक 4 के वार्डों में शैलेष गर्ग के साथ बैठकें प्रारंभ कर दी हैं। कांग्रेस नेताओं ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि न्याय यात्रा के दौरान किसी भी प्रकार के होर्डिंग, बैनर या स्वागत मंच नहीं लगाए जाएंगे। यात्रा को पूरी तरह सादगीपूर्ण तरीके से निकाला जाएगा।