Khargone Anganwadi Bharti: खरगोन जिले में महिला एवं बाल विकास विभाग के अंतर्गत आंगनवाड़ी कार्यकर्ता और सहायिका के रिक्त पदों पर भर्ती की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है. जिले की विभिन्न परियोजनाओं में कुल 83 पद भरे जाने हैं. इनमें आंगनवाड़ी कार्यकर्ता के 33 और सहायिका के 50 पद शामिल हैं. आवेदन प्रक्रिया 31 दिसंबर 2025 से प्रारंभ हो गई है और इच्छुक पात्र महिलाएं 10 जनवरी 2026 तक ऑनलाइन आवेदन कर सकती हैं.
महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा यह भर्ती पूर्णतः अस्थायी और मानदेय आधारित मानसेवी के रूप में की जा रही है. जिला कार्यक्रम अधिकारी संजय भारद्वाज के अनुसार, यह नियुक्ति आंगनवाड़ी केंद्रों की आवश्यकता को ध्यान में रखते हुए की जा रही है, ताकि मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य, पोषण और बाल विकास से जुड़ी योजनाओं का बेहतर क्रियान्वयन हो सके.
कौन कर सकता है आवेदन
इन पदों के लिए केवल महिला उम्मीदवार ही आवेदन कर सकती हैं. आवेदिका का उसी ग्राम या नगरीय वार्ड की निवासी होना अनिवार्य है, जहां संबंधित आंगनवाड़ी केंद्र में पद रिक्त है. अन्य क्षेत्र की निवासी महिलाओं को पात्र नहीं माना जाएगा. शैक्षणिक योग्यता के रूप में न्यूनतम 12वीं पास होना जरूरी है. आयु सीमा 1 जनवरी 2025 की स्थिति में 18 से 35 वर्ष तय की गई है. आयु प्रमाण के लिए 10वीं बोर्ड की अंकसूची लगाना अनिवार्य होगा.
आवेदन की महत्वपूर्ण तारीखें
भर्ती के लिए आवेदन 31 दिसंबर 2025 से 10 जनवरी 2026 तक किए जा सकते हैं. आवेदन में यदि किसी प्रकार की त्रुटि होती है तो उसका सुधार 12 जनवरी 2026 तक किया जा सकेगा. विभाग ने स्पष्ट किया कि आवेदन केवल ऑनलाइन माध्यम से ही स्वीकार किए जाएंगे. ऑफलाइन आवेदन मान्य नहीं होंगे.
आवश्यक दस्तावेज
आवेदन करते समय अभ्यर्थियों को कुछ जरूरी दस्तावेज अपलोड करने होंगे. इनमें 12वीं की मार्कशीट, समग्र आईडी, आधार कार्ड, मोबाइल नंबर, निवास प्रमाण पत्र, जाति प्रमाण पत्र, पासपोर्ट साइज फोटो शामिल हैं. इसके अलावा यदि आवेदिका स्नातक है तो उसकी डिग्री और यदि उपलब्ध हो तो राशन कार्ड भी संलग्न किया जा सकता है.
कहां देखें पदों का विवरण
बाल विकास परियोजना और आंगनवाड़ी केंद्रवार रिक्त पदों का पूरा विवरण चयन पोर्टल https://chayan.mponline.gov.in पर उपलब्ध है. वहीं नियुक्ति से जुड़े नियम, शर्तें, निर्देश, आवेदन प्रक्रिया, शैक्षणिक योग्यता और अन्य अर्हताओं की जानकारी mpwcdmis.gov.in वेबसाइट पर देखी जा सकती है.
केवल खरगोन ही नहीं, बल्कि पूरे मध्य प्रदेश में महिला एवं बाल विकास विभाग के अंतर्गत करीब 4767 पदों पर आंगनवाड़ी कार्यकर्ता और सहायिका की भर्ती प्रस्तावित है. ऐसे में यह अवसर उन महिलाओं के लिए खास है, जो अपने ही क्षेत्र में रहकर सेवा कार्य से जुड़ना चाहती हैं.एदइि