उज्जैन : हिंदू धर्म में मकर संक्रांति को अत्यंत शुभ और पुण्यदायी पर्व माना जाता है. इस दिन सूर्यदेव धनु राशि से निकलकर मकर राशि में प्रवेश करते हैं, जिसके साथ ही उत्तरायण काल का आरंभ होता है. मान्यता है कि उत्तरायण में किया गया हर शुभ कर्म कई गुना फल देता है. मकर संक्रांति के अवसर पर स्नान और दान का विशेष महत्व होता है. इस पावन तिथि पर यदि श्रद्धा और विधि-विधान से सूर्यदेव को अर्घ्य अर्पित किया जाए, तो पुण्य की प्राप्ति होती है, जीवन में मान-सम्मान बढ़ता है और स्वास्थ्य उत्तम रहता है.
पंचांग के अनुसार वर्ष 2026 में मकर संक्रांति का पर्व 14 जनवरी को मनाया जाएगा. इस शुभ दिन पर सूर्य उपासना के साथ दान-पुण्य करने से ग्रह दोष शांत होते हैं और सुख-समृद्धि का मार्ग प्रशस्त होता है. आइए जानते हैं उज्जैन के आचार्य आनंद भारद्वाज से कि मकर संक्रांति के दिन सूर्यदेव को अर्घ्य देने के बाद राशि के अनुसार किन वस्तुओं का दान करना शुभ फल प्रदान करता है.
जरूर करें इन चीजों का दान
मेष – इस राशि के जातकों के लिए गुड़ का दान विशेष फलदायी माना जाता है. इससे कार्यों में सफलता मिलती है और कुंडली में स्थित कमजोर ग्रहों को बल प्राप्त होता है.
वृषभ – इस राशि वाले यदि चावल का दान करें, तो व्यापार में उन्नति के योग बनते हैं और जीवन में सुख-समृद्धि का संचार होता है.
मिथुन – इस राशि के जातकों को मूंग की दाल से बनी खिचड़ी दान करनी चाहिए और गाय को चारा खिलाना शुभ रहता है. ऐसा करने से अच्छे समाचार मिलने के संकेत मिलते हैं.
कर्क – इस राशि वालों के लिए चावल, मिश्री और तिल का दान उत्तम माना गया है. इससे करियर में प्रगति और सफलता के मार्ग खुलते हैं.
सिंह – इस राशि के जातक तिल, गुड़, गेहूं या स्वर्ण का दान कर सकते हैं. इससे लंबे समय से रुके कार्य पूरे होते हैं और जीवन में सुख-शांति बनी रहती है.
कन्या – इस राशि वालों को गाय को हरा चारा खिलाना चाहिए और मूंग की दाल की खिचड़ी का दान करना शुभ होता है. इससे वैभव और ऐश्वर्य की प्राप्ति होती है.
तुला – इस राशि के जातक सफेद वस्त्र, चीनी या कंबल का दान करें. इससे घर-परिवार में सुख, शांति और समृद्धि का वास होता है.
वृश्चिक – इस राशि वालों के लिए तिल और गुड़ का दान लाभकारी माना गया है. इससे अचानक धन लाभ के योग बनते हैं और अटके कार्य पूरे होते हैं.
धनु – इस राशि के जातक केसर का दान करें. इससे कानूनी मामलों में सफलता मिलती है और सामाजिक मान-सम्मान में वृद्धि होती है.
मकर – इस राशि वालों को तेल और तिल का दान करना चाहिए. इससे विरोधियों पर विजय मिलती है और जीवन में सकारात्मकता आती है.
कुंभ – इस राशि के जातकों के लिए जरूरतमंदों और दिव्यांगों को भोजन कराना अत्यंत शुभ माना गया है. इससे आय के नए स्रोत बनने लगते हैं.
मीन – इस राशि वाले रेशमी वस्त्र, तिल, चने की दाल और चावल का दान करें.इससे घर में खुशहाली और समृद्धि बनी रहती है.