WPL 2026: 9 जनवरी यानी आज से विमेंस प्रीमियर लीग के चौथे सीजन यानी WPL 2026 का आगाज होने जा रहा है. नए सीजन के आगाज से ठीक पहले गुजरात जायंट्स टीम को बड़ा झटका लगा है. एक स्टार खिलाड़ी पूरे सीजन से बाहर हो चुकी है. टीम को उसकी जगह कोई रिप्लेसमेंट खिलाड़ी भी नहीं मिलेगा. यही वजह है कि अब गुजरात टीम की टेंशन बढ़ गई है. बाहर होने वाली खिलाड़ी का नाम यास्तिका भाटिया है, जो विकेटकीपर और टॉप ऑर्डर की बल्लेबाज हैं.
पिछले सीजन यास्तिका भाटिया मुंबई इंडियंस का हिस्सा थीं, लेकिन चौथे सीजन के लिए हुई नीलामी में उन्हें गुजरात जायंट्स ने 50 लाख रुपये में खरीदा था. वो पुरानी चोट के चलते ही इस सीजन से बाहर हुई हैं. बीसीसीआई का एक नियम है कि नीलामी से पहले की चोटिल खिलाड़ियों के लिए कोई रिप्लेसमेंट नहीं दिया जाता. अब यही भाटिया के साथ हो गया है. उन्हें उम्मीद थी कि वो 9 जनवरी तक रिकवर हो सकती हैं, लेकिन ऐसा हो नहीं पाया. यही वजह है कि उनकी जगह गुजरात की टीम को कोई रिप्लेसमेंट नहीं दिया जाएगा.
आखिर यास्तिका को क्या हुआ है?
यास्तिका भाटिया को घुटने की चोट ने परेशान किया है. वो लंबे समय से इस चोट से जूझ रही हैं. इसी चोट का नतीजा था कि वो ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ सीरीज और हाल ही में हुए वनडे वर्ल्ड कप में भी टीम इंडिया का हिस्सा नहीं थीं. वो कब तक फिट हो पाएंगी, इसे लेकर कुछ भी कहना मुश्किल है. हालांकि टीम को उम्मीद है कि अगले सीजन वो पूरी तरह फिट होकर कमबैक करेंगी. गुजरात जायंट्स ने एक भावुक वीडियो भी शेयर किया है, जिसमें टीम की कई खिलाड़ी और सपोर्ट स्टाफ यास्तिका के जल्द ठीक होने की कामना करते दिखे.
यास्तिका का WPL करियर?
यास्तिका ने विमेंस प्रीमियर लीग के इतिहास में अब तक 28 मैच खेले हैं, जिनमें 18.74 की औसत से 506 रन बनाए हैं. उनके नाम 2 फिफ्टी हैं. हाई स्कोर 57 रन है. ये खिलाड़ी मुंबई इंडियंस के लिए भी खेल चुकी हैं. वहीं अगर गुजरात जायंट्स टीम की बात करें तो उसके लिए पहले 3 सीजन कुछ खास नहीं रहे थे. पहले दो सीजन में ये टीम सबसे नीचे रही थी. पिछले सीजन उसने नंबर 3 पर फिनिश किया था. अब चौथे सीजन में देखना होगा ये टीम कहां तक जाती है.
ये भी पढ़ें: 0 0 0 0 0 0: 50वें ओवर में हुआ करिश्मा…CSK के अनजान बॉलर ने मेडन ओवर फेंककर डिफेंड किए 6 रन, खुशी से झूम उठे गायकवाड़