टीम इंडिया के स्टार बल्लेबाज विराट कोहली वनडे इंटरनेशनल क्रिकेट में महान क्रिकेटर सचिन तेंदुलकर का एक प्रचंड रिकॉर्ड तोड़ने की दहलीज पर खड़े हुए हैं. विराट कोहली जब 11 जनवरी से न्यूजीलैंड के खिलाफ तीन मैचों की ODI सीरीज खेलने उतरेंगे तो उनके पास सचिन तेंदुलकर को पीछे छोड़ने का मौका होगा. भारत और न्यूजीलैंड के बीच यह ODI सीरीज 11 जनवरी से 18 जनवरी तक खेली जाएगी.
न्यूजीलैंड के खिलाफ ये महारिकॉर्ड बना देंगे विराट कोहली
विराट कोहली अगर न्यूजीलैंड के खिलाफ 3 मैचों की ODI सीरीज के दौरान 94 रन और बना लेते हैं, तो वह महान क्रिकेटर सचिन तेंदुलकर का एक प्रचंड रिकॉर्ड तोड़ देंगे. विराट कोहली ऐसे में सचिन तेंदुलकर को पछाड़ते हुए न्यूजीलैंड के खिलाफ वनडे इंटरनेशनल क्रिकेट में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले दुनिया के दूसरे बल्लेबाज बन जाएंगे.
सचिन तेंदुलकर ने न्यूजीलैंड के खिलाफ कितने रन बनाए?
वनडे इंटरनेशनल क्रिकेट में न्यूजीलैंड के खिलाफ सबसे ज्यादा 1971 रन ऑस्ट्रेलिया के दिग्गज बल्लेबाज रिकी पोंटिंग ने बनाए थे. इस लिस्ट में फिलहाल दूसरे नंबर पर भारत के महान बल्लेबाज सचिन तेंदुलकर काबिज हैं. सचिन तेंदुलकर ने न्यूजीलैंड के खिलाफ ODI में 1750 रन बनाए थे. तीसरे नंबर पर काबिज विराट कोहली ने भी अभी तक न्यूजीलैंड के खिलाफ वनडे इंटरनेशनल क्रिकेट में 1657 रन लगाए हैं. यानी 94 रन और बनाते ही विराट कोहली न्यूजीलैंड के खिलाफ ODI में सबसे ज्यादा रन बनाने के मामले में दूसरे नंबर पर आ जाएंगे.
न्यूजीलैंड के खिलाफ सबसे ज्यादा ODI रन बनाने वाले बल्लेबाज
1. रिकी पोंटिंग – 51 ODI मैचों में 1971 रन
2. सचिन तेंदुलकर – 42 ODI मैचों में 1750 रन
3. विराट कोहली – 33 ODI मैचों में 1657 रन
4. कुमार संगकारा – 47 ODI मैचों में 1568 रन
5. सनथ जयसूर्या – 47 ODI मैचों में 1519 रन