India vs New Zealand 1st ODI Match Time: नए साल 2026 में टीम इंडिया का पहला पड़ाव न्यूजीलैंड टीम है, जिसके खिलाफ उसे अपने घर में पहले तीन वनडे मैच खेलने हैं, इसके बाद 5 मैचों की टी20 सीरीज होगी. सबसे पहले वनडे सीरीज का रोमांच देखने को मिलेगा, जो 11 जनवरी से शुरू होने जा रही है. शेड्यूल और टीमों का ऐलान पहले ही किया जा चुका है. अब क्रिकेट फैंस रोहित शर्मा और विराट कोहली का जलवा देखने के लिए बेकरार हैं.फैंस को पूरी उम्मीद है कि उनके चहेते खिलाड़ी 11 जनवरी को बड़ौदा में मैदान पर उतरकर चौके-छक्कों की बारिश करेंगे, लेकिन सवाल ये है कि आखिर मुकाबले की टाइमिंग क्या है, यानी मैच कितने बजे होगा? इसी सवाल का जवाब लेकर हम हाजिर हैं.
तीन मैचों की वनडे सीरीज का पहला मुकाबला बड़ौदा में खेला जाएगा. इस मैच के लिए कप्तान शुभमन गिल और पूरी टीम 9 जनवरी से ही प्रैक्टिस में जुट चुकी है. दो दिनों तक खिलाड़ी अपनी तैयारियां पुख्ता करेंगे. टीम की नजर जीत के साथ नए साल की शानदार शुरुआत करने पर होगी. पहला मुकाबला रविवार यानी संडे को है, जो छुट्टी का दिन है. ऐसे में टीम इंडिया इस दिन को खास बनाना चाहेगी. यह मुकाबला दोपहर से शुरू होगा और रात तक चलेगा.
IND vs NZ 1st ODI कितने बजे शुरू होगा?
पहला वनडे दोपहर 1 बजकर 30 मिनट पर शुरू होगा. टॉस आधे घंटे पहले यानी दोपहर 1 बजे होगा. यह मुकाबला 50 ओवर का होगा, जो करीब 6 घंटे तक चलेगा. यानी मैच के रात 9 से 10 बजे के बीच खत्म होने की उम्मीद है. सीरीज के तीनों मैच इसी समय पर शुरू होंगे. दूसरा वनडे 14 जनवरी को, जबकि आखिरी मुकाबला 18 जनवरी को खेला जाएगा. इसके बाद 21 जनवरी से 5 मैचों की टी20 सीरीज शुरू होगी, जिसमें सूर्यकुमार यादव की कप्तानी में टीम इंडिया मैदान पर उतरेगी.
वनडे सीरीज के लिए भारतीय टीम इस प्रकार है
शुभमन गिल (कप्तान), रोहित शर्मा, विराट कोहली, केएल राहुल, श्रेयस अय्यर (उपकप्तान), वॉशिंगटन सुंदर, रवींद्र जडेजा, मोहम्मद सिराज, हर्षित राणा, प्रसिद्ध कृष्णा, कुलदीप यादव, ऋषभ पंत, नीतीश कुमार रेड्डी, अर्शदीप सिंह और यशस्वी जायसवाल.